01 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: देशभर में नए साल का आगाज बदले हुए मौसम के मिजाज के साथ हुआ है। आर्थिक राजधानी मुंबई में तड़के से ही तेज बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी, जिससे यातायात और रोजमर्रा की गतिविधियां बाधित रहीं।
वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कड़ाके की ठंड जारी है। नववर्ष की पूर्व संध्या पर दिसंबर का तापमान पिछले छह वर्षों में सबसे निचले स्तर पर दर्ज किया गया। ठंड के साथ-साथ शीत लहर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजस्थान के कई हिस्सों में भी शीत लहर का असर देखा जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में ठंड और घने कोहरे के कारण स्कूलों को बंद करना पड़ा है। मौसम विभाग के मुताबिक, नए साल के पहले दिन पश्चिमी राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ में बारिश की संभावना है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भी बारिश के आसार बने हुए हैं।
यूपी के प्रयागराज, गोरखपुर, कानपुर और बरेली जैसे क्षेत्रों में घनी धुंध छाए रहने से दृश्यता शून्य तक रहने की चेतावनी दी गई है। बिहार, पंजाब, असम और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी आज कोहरे का असर बना रहेगा।













