26 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: उपमुख्यमंत्री अजित पवार के हालिया निधन के बाद खाली हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर आज गुरुवार को एनसीपी (अजित गुट) की केंद्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। मुंबई के एनएससीआई डोम में होने वाली इस बैठक में सुनेत्रा पवार को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की औपचारिक घोषणा होने की प्रबल संभावना है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, प्रफुल्ल पटेल और प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुनील तटकरे सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने अध्यक्ष पद के लिए सुनेत्रा पवार के नाम का समर्थन किया है। महायुति गठबंधन के सहयोगी दलों ने भी उनके नेतृत्व पर सहमति जताई है। हालांकि अध्यक्ष पद के लिए पार्थ पवार के नाम की चर्चा थी, लेकिन संगठन ने सर्वसम्मति से सुनेत्रा पवार के पक्ष में फैसला लिया।
उपमुख्यमंत्री बनने से पहले सुनेत्रा पवार ने राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया था, जिससे सीट खाली हुई। इस सीट पर पार्थ पवार को उम्मीदवार बनाए जाने का निर्णय लिया गया है। वहीं, सुनेत्रा पवार फिलहाल विधानसभा या विधान परिषद की सदस्य नहीं हैं और उन्हें संविधान के अनुसार छह माह के भीतर किसी एक सदन की सदस्यता लेनी होगी।
इधर, बारामती विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तैयारी भी शुरू हो गई है। पार्टी इस चुनाव को निर्विरोध कराने की कोशिश में है। इस संदर्भ में एनसीपी (शरद पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले ने भी मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए निर्विरोध चुनाव के संकेत दिए हैं।
आज की बैठक को संगठनात्मक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इससे नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया को औपचारिक रूप मिलेगा और आगामी उपचुनावों की रणनीति भी स्पष्ट होगी।













