संसद में उठा ट्रैफिक चालान का मुद्दा, MP तिवारी बोले – चंडीगढ़ बन गया है ‘चालानगढ़’

संसद में उठा ट्रैफिक चालान का मुद्दा, MP तिवारी बोले - चंडीगढ़ बन गया है 'चालानगढ़'

07 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Chandigarh Desk :चंडीगढ़ में ट्रैफिक चालान बना बड़ा मुद्दा, संसद तक पहुंची गूंज – MP मनीष तिवारी बोले, शहर को ‘चालानगढ़’ कहा जाने लगा                                                                                          पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ अब सिर्फ अपनी खूबसूरती के लिए ही नहीं, बल्कि ट्रैफिक चालानों के लिए भी चर्चा में है। हर दिन हजारों चालान, और साल दर साल बढ़ती संख्या ने इसे अब ‘चालानगढ़’ की छवि दे दी है। यह चिंता अब केवल शहर तक सीमित नहीं रही, बल्कि संसद तक पहुंच चुकी है।

चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी ने संसद में यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि शहर की स्थिति ऐसी हो गई है कि अब लोग इसे ‘चालानगढ़’ के नाम से पुकारने लगे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर (ICCC) में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिस्टम लागू होने के बाद 2019 से 2025 के बीच ट्रैफिक चालानों की संख्या में असाधारण बढ़ोतरी कैसे हुई।

चालानों की तेज़ी से बढ़ती संख्या
आंकड़ों के अनुसार, साल 2023 में लगभग साढ़े 9 लाख वाहनों के चालान किए गए। अधिकतर चालान सीसीटीवी कैमरों और AI आधारित ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिये किए गए हैं। यह डिजिटल निगरानी प्रणाली एक ओर ट्रैफिक नियमों का सख्त पालन सुनिश्चित कर रही है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय नागरिकों और बाहर से आने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है।

बाहर से आने वाले वाहनों पर कार्रवाई को लेकर सवाल
शहर की ट्रैफिक पुलिस पर यह आरोप भी लगते रहे हैं कि अन्य राज्यों के वाहनों को बेवजह रोका जाता है और कई बार चालान काटने के साथ-साथ रिश्वत मांगने की शिकायतें भी सामने आई हैं। इन बढ़ती शिकायतों के मद्देनज़र चंडीगढ़ के आईजी पुष्पेंद्र कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अब ट्रैफिक पुलिस किसी वाहन को बिना कारण नहीं रोकेगी, और केवल वही चालान होंगे जो नियमों का उल्लंघन करते हैं — चाहे वाहन स्थानीय हो या बाहरी।

मैनुअल चालानों पर नियंत्रण
चंडीगढ़ पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि अत्यंत आवश्यक स्थितियों को छोड़कर मैनुअल चालान नहीं किया जाएगा। अब ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन अधिकतर डिजिटल माध्यमों से ही रिकॉर्ड और दंडित किया जाएगा।

MP तिवारी की मांग – ICCC के कामकाज की जांच हो
सांसद मनीष तिवारी ने सरकार से मांग की है कि यह जांच आवश्यक है कि AI प्रणाली के लागू होने के बाद चालानों में इतना इज़ाफा क्यों हुआ, और क्या इस प्रक्रिया में नागरिकों के अधिकारों और सहूलियतों की अनदेखी तो नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अब चंडीगढ़ की छवि ‘सिटी ब्यूटीफुल’ से बदलकर ‘चालानगढ़’ बनती जा रही है।