10अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: उत्तर प्रदेश में आज शुक्रवार को फाइनल वोटर लिस्ट जारी की जाएगी। यह सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा द्वारा जारी की जाएगी, जिसमें करीब 13.35 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल होने की उम्मीद है।
हालांकि, लिस्ट जारी होने से पहले ही समाजवादी पार्टी (SP) ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी का कहना है कि आयोग भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर काम कर रहा है और वोटर लिस्ट में हेरफेर की जा रही है। SP ने दावा किया कि PDA वर्ग के वोट काटे जा रहे हैं, जबकि फर्जी वोट जोड़े जा रहे हैं।
पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि वे किसी भी गड़बड़ी के सबूत इकट्ठा करें और पार्टी कार्यालय में जमा करें, ताकि जरूरत पड़ने पर कोर्ट और जनता के सामने इसे रखा जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, अंतिम सूची में करीब 80 लाख नए वोटर जोड़े गए हैं, जबकि लगभग 7 लाख नाम हटाए गए हैं। इससे पहले 6 जनवरी को जारी ड्राफ्ट लिस्ट में 12.55 करोड़ मतदाता दर्ज थे।
जानकारी के अनुसार, जिन लोगों के नाम हटाए गए हैं, उनमें बड़ी संख्या उन मतदाताओं की है जिनके दस्तावेजों का पारिवारिक मिलान नहीं हो पाया। इसके अलावा कुछ लोगों ने खुद फॉर्म-7 भरकर अपने नाम हटाने का अनुरोध किया था।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा नाम कटने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, नई लिस्ट में पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से अधिक रहने की संभावना है।
चुनाव आयोग का कहना है कि सभी दावे और आपत्तियों की जांच के बाद ही यह अंतिम सूची तैयार की गई है, जो जिला निर्वाचन कार्यालयों और आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।













