शिमला, 07 जनवरी 2026 Fact Recorder
Himachal Desk: मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार सुबह हिमाचल प्रदेश सचिवालय से मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत राज्य के चाइल्ड केयर इंस्टीट्यूशंस (CCI) सराहन, टूटीकंडी और मशोबरा में रहने वाले ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ को विशेष शैक्षणिक और अनुभवात्मक भ्रमण के लिए रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ संवाद किया और उन्हें इस यात्रा से अधिकतम सीखने एवं अनुभव लेने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भ्रमण बच्चों के लिए केवल यात्रा नहीं, बल्कि सीखने, समझने और अनुभव प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस दौरान बच्चों को देश की सांस्कृतिक विरासत, आधुनिक बुनियादी ढांचा और प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
इस कार्यक्रम में प्रदेश के तीन बाल देखभाल संस्थानों से कुल 52 बच्चे शामिल हैं। यह शैक्षणिक यात्रा 15 जनवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी, जिसमें बच्चे देश के प्रमुख शहरों और ऐतिहासिक, सांस्कृतिक तथा शैक्षणिक स्थलों का भ्रमण करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत राज्य सरकार इन बच्चों को केवल संरक्षण तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें बेहतर भविष्य के लिए सभी आवश्यक अवसर उपलब्ध करवा रही है। इस यात्रा का उद्देश्य बच्चों में राष्ट्रीय एकता की भावना, सांस्कृतिक समझ, सामाजिक चेतना और आत्मविश्वास विकसित करना है, ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके।
यात्रा मार्ग और आधुनिक परिवहन का अनुभव
इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान बच्चे चंडीगढ़–दिल्ल़ी–आगरा–गोवा–चंडीगढ़ मार्ग पर विभिन्न स्थलों का भ्रमण करेंगे। बच्चों को वोल्वो बस, वंदे भारत एक्सप्रेस, मेट्रो, हवाई यात्रा, क्रूज़ यात्रा और हॉप-ऑन हॉप-ऑफ टूरिस्ट बस सहित आधुनिक परिवहन साधनों का अनुभव भी मिलेगा।
प्रमुख स्थलों का भ्रमण
दिल्ल़ी: लाल किला, कुतुब मीनार, इंडिया गेट, राजघाट, शक्ति स्थल, वीर भूमि, हुमायूं का मकबरा, राष्ट्रीय प्राणी उद्यान, राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय, नॉर्थ ब्लॉक, साउथ ब्लॉक, इंडियन काउंसिल ऑफ वर्ल्ड अफेयर्स, त्रिवेणी कला संगम और राष्ट्रीय प्राकृतिक इतिहास संग्रहालय।
आगरा: ताजमहल
गोवा: उत्तर गोवा में कलंगुट, फोर्ट अगुआड़ा, अंजुना बीच, डोना पाउला, भारतीय समुद्र विज्ञान संस्थान और क्रूज़ यात्रा; दक्षिण गोवा में चर्च, मंगेशी मंदिर, वार्का बीच, पणजी शहर और स्पाइस गार्डन।
सुरक्षा और देखभाल
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा, सुविधा और देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि इस तरह के भ्रमण बच्चों में आत्मविश्वास, जिज्ञासा और सामाजिक चेतना विकसित करने में सहायक होते हैं।
मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना का परिचय
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सुक्कू ने टूटीकंडी बालिका आश्रम का दौरा कर निराश्रित बच्चों, महिलाओं और बुज़ुर्गों की जिम्मेदारी लेने का संकल्प लिया था। 28 फरवरी 2023 से इस योजना के तहत लगभग 4000 अनाथ बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के रूप में अपनाया गया है। बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, जेब खर्च, करियर काउंसलिंग, देश-विदेश भ्रमण और स्टार्ट-अप के लिए 2 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है।
उपस्थित गणमान्य
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री धनी राम शांडिल, विधायक मोहन लाल ब्राक्टा, महापौर शिमला नगर निगम सुरेन्द्र चौहान, मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव श्याम भगत नेगी, उपायुक्त अनुपम कश्यप, निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग डॉ. पंकज ललित, पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।













