यूपी विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू, राज्यपाल के अभिभाषण पर सपा के हंगामे के आसार; अखिलेश ने गिनाए मुद्दे

09 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk: उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। सत्र के पहले ही दिन राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण के दौरान हंगामे के आसार हैं। समाजवादी पार्टी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), बेरोजगारी, महंगाई, महिला सुरक्षा, कोडीन कफ सिरप की तस्करी और विदेश नीति जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है।

बजट सत्र की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ से होगी, इसके बाद राज्यपाल दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगी। अभिभाषण में राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख किया जाएगा। इस दौरान विधानसभा के मुख्य मंडप में दोनों सदनों के सदस्य मौजूद रहेंगे।

सत्र से पहले रविवार को हुई सर्वदलीय बैठक और कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में सभी दलों ने सदन के सुचारू संचालन में सहयोग का भरोसा दिलाया, हालांकि विपक्ष के तेवर पहले दिन से ही तीखे नजर आ रहे हैं। सपा विधायक सत्र शुरू होने से पहले विधानभवन परिसर में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर प्रदर्शन करेंगे और अभिभाषण के दौरान विरोध जताने की तैयारी है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि एसआईआर में गड़बड़ियां, बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और किसानों की समस्याएं प्रमुख मुद्दे रहेंगे। उन्होंने अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इससे किसानों और एमएसएमई को नुकसान होगा।

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विधायकों से सदन में नियमित मौजूदगी और स्वस्थ चर्चा की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सहमति और असहमति दोनों जरूरी हैं, लेकिन चर्चा सकारात्मक और जनहित से जुड़ी होनी चाहिए।

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी सभी सदस्यों को पर्याप्त अवसर देने और आवश्यकता पड़ने पर देर शाम तक कार्यवाही चलाने की बात कही है। बुधवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया जाएगा। सत्र के मद्देनजर विधानभवन और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।