04 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
International Desk: नासा के महत्वाकांक्षी आर्टेमिस II मिशन के तहत चांद की ओर बढ़ रहे अंतरिक्ष यात्रियों ने पृथ्वी की अद्भुत तस्वीरें साझा की हैं, जो दुनियाभर के लोगों को भावुक कर रही हैं।
करीब 50 साल बाद इंसानों को फिर चांद की दिशा में ले जा रहे इस मिशन के दौरान, जब अंतरिक्ष यात्रियों ने पीछे मुड़कर देखा, तो उन्हें अंतरिक्ष से चमकती हुई नीली पृथ्वी का मनमोहक दृश्य दिखाई दिया।
मिशन के कमांडर रीड वाइजमैन द्वारा ली गई तस्वीरों में पृथ्वी का घुमावदार किनारा कैप्सूल की खिड़की से झांकता नजर आता है। दूसरी तस्वीर में पूरी पृथ्वी दिखाई देती है—नीले महासागर, सफेद बादलों की परतें और हरे रंग की ऑरोरा (उत्तरी रोशनी) इसे और भी आकर्षक बनाते हैं।
नासा के अनुसार, यह दृश्य इतना भावुक था कि कुछ क्षणों के लिए सभी अंतरिक्ष यात्री शांत हो गए। उनके लिए यह उनकी जिंदगी के सबसे यादगार पलों में से एक बन गया।
इस मिशन में विक्टर ग्लोवर, क्रिस्टीना कोच और जेरेमी हैनसेन भी शामिल हैं। ये सभी ओरियन कैप्सूल में सवार होकर चांद की परिक्रमा करेंगे और फिर पृथ्वी पर लौटेंगे।
फिलहाल यह टीम पृथ्वी से लगभग 1.8 लाख किलोमीटर दूर पहुंच चुकी है और चांद की ओर तेजी से बढ़ रही है। यह मिशन करीब 10 दिनों का है और इसे भविष्य में चंद्रमा पर मानव लैंडिंग की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।
यह ऐतिहासिक मिशन अपोलो 17 मिशन के बाद पहली बार इंसानों को चांद के करीब ले जा रहा है, जो अंतरिक्ष अन्वेषण के नए युग की शुरुआत माना जा रहा है।













