PAK–BLA टकराव: बलूचिस्तान में हिंसा चरम पर, महिला फिदायीन हमलों में पाक सेना-पुलिस के 200 से ज्यादा जवान हताहत

02 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

International Desk:  पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में हिंसा एक बार फिर भड़क उठी है। अलगाववादी संगठन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने दावा किया है कि उसने एक बड़े सैन्य अभियान के तहत पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। संगठन के अनुसार, ‘ऑपरेशन हीरोफ फेज-II’ नाम से चलाया गया यह अभियान 40 घंटे से अधिक समय तक चला, जिसमें प्रांत के कई जिलों को निशाना बनाया गया।

बीएलए का कहना है कि इस दौरान किए गए समन्वित हमलों में महिला फिदायीन दस्तों ने भी हिस्सा लिया, जिनके जरिए सेना और पुलिस की चौकियों पर आत्मघाती हमले किए गए। संगठन के दावे के मुताबिक, इन हमलों में पाकिस्तानी सेना और पुलिस के 200 से ज्यादा जवान मारे गए या घायल हुए हैं।

हालांकि, पाकिस्तानी सरकार या सेना की ओर से हताहतों के आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बलूचिस्तान में लंबे समय से जारी अलगाववादी संघर्ष के बीच हालिया घटनाक्रम ने सुरक्षा हालात को और गंभीर बना दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ती हिंसा से न केवल क्षेत्रीय स्थिरता प्रभावित हो रही है, बल्कि पाकिस्तान की आंतरिक सुरक्षा चुनौतियां भी और गहरी होती जा रही हैं।