T20 World Cup 2026: शेड्यूल में बड़ा बदलाव, सेमीफाइनल वेन्यू को लेकर ICC का नया फैसला

24 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Sports Desk:  टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने सेमीफाइनल मुकाबलों को लेकर नई गाइडलाइंस जारी की हैं। इसके बाद टूर्नामेंट के शेड्यूल में बड़ा बदलाव संभव हो गया है। यह बदलाव इस बात पर निर्भर करेगा कि सुपर-8 राउंड के बाद कौन-कौन सी टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करती हैं।

इस समय सुपर-8 मुकाबले खेले जा रहे हैं, जिसके बाद नॉकआउट चरण में दो सेमीफाइनल और एक फाइनल मैच होना है। इन अहम मुकाबलों के वेन्यू को लेकर अब ‘फ्लोटिंग मॉडल’ अपनाया गया है, जिससे शेड्यूल लचीला हो गया है।

सेमीफाइनल वेन्यू पर ICC की नई गाइडलाइंस

आईसीसी के अनुसार, सेमीफाइनल मुकाबलों के लिए भारत और श्रीलंका में विकल्प रखे गए हैं। खासतौर पर पहला सेमीफाइनल ‘फ्लोटिंग’ रहेगा, जो परिस्थितियों के हिसाब से या तो ईडन गार्डन्स (कोलकाता) या आर प्रेमदासा स्टेडियम (कोलंबो) में खेला जा सकता है। दूसरा सेमीफाइनल आमतौर पर वानखेड़े स्टेडियम में प्रस्तावित है।

पाकिस्तान और श्रीलंका पर टिका फैसला

अगर पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंचता है, तो वह 4 मार्च को कोलंबो में सेमीफाइनल खेलेगा। लेकिन अगर पाकिस्तान क्वालिफाई नहीं कर पाता और श्रीलंका सेमीफाइनल में जगह बनाता है, तो श्रीलंका को घरेलू मैदान कोलंबो में सेमीफाइनल खेलने का मौका मिलेगा। पहले के शेड्यूल में श्रीलंका को भारत में सेमीफाइनल खेलना था, लेकिन अब इस नियम में बदलाव कर दिया गया है।

टीम इंडिया का सेमीफाइनल कहां होगा?

अगर टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंचती है, तो सामान्य स्थिति में वह मुंबई में दूसरा सेमीफाइनल खेलेगी। हालांकि, अगर उसका सामना पाकिस्तान से होता है, तो यह मुकाबला कोलंबो शिफ्ट किया जा सकता है। वहीं, अगर पाकिस्तान और श्रीलंका दोनों ही सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाते, तो पहला सेमीफाइनल कोलकाता और दूसरा मुंबई में खेला जाएगा।

कुल मिलाकर, ICC के इस फैसले से टी20 वर्ल्ड कप 2026 का नॉकआउट शेड्यूल पूरी तरह टीमों की क्वालिफिकेशन स्थिति पर निर्भर हो गया है।