सुक्खू: सीमित संसाधनों से राहत पैकेज, केंद्र से भी मांगी मदद

18 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

Himachal Desk:  मुख्यमंत्री सुक्खू ने केंद्र से मांगा विशेष राहत पैकेज, प्रदेश सरकार भी देगी सहायता        मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि भारी बारिश से प्रदेश में आई आपदा के चलते प्रभावितों की मदद के लिए राज्य सरकार अपने सीमित संसाधनों से राहत पैकेज जारी करेगी। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार से भी विशेष राहत पैकेज की मांग की है।

सीएम सुक्खू ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गृह मंत्री शाह राज्य के संभावित दौरे के दौरान राहत पैकेज की घोषणा कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। सभी संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि वह पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भी लगातार संपर्क में हैं, जिनके निर्वाचन क्षेत्र सराज में सबसे अधिक नुकसान हुआ है। मंडी के धर्मपुर, करसोग और अन्य कई इलाकों में भी काफी तबाही हुई है।

सुक्खू ने कहा कि बेघर हुए लोगों को फिलहाल सरकारी रेस्ट हाउस और भवनों में शिफ्ट किया गया है। वहीं, जो लोग किराए के मकानों में रह रहे हैं, उन्हें पांच हजार रुपये की किराया सहायता दी जा रही है। इसके लिए प्रभावितों को पटवारी या उपायुक्त से लिखित रूप में प्रमाण देना होगा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार वन भूमि नहीं दे सकती, लेकिन जहां भी गैर-वन सरकारी भूमि उपलब्ध है, वहां पुनर्वास के लिए उसे प्रभावितों को allot किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि पुनर्वास की पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार निभाएगी।