शेयर बाजार में तेज गिरावट, सेंसेक्स 550 अंक टूटा; निफ्टी 24,600 के नीचे

06 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Business Desk: सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार की शुरुआत भारी गिरावट के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में ही बीएसई सेंसेक्स करीब 550 अंक टूट गया, जबकि एनएसई निफ्टी भी 24,600 के अहम स्तर से नीचे फिसल गया। विदेशी बाजारों से मिले कमजोर संकेत और निवेशकों की मुनाफावसूली को इस गिरावट की मुख्य वजह माना जा रहा है।

गुरुवार को 80,015.90 पर बंद हुआ सेंसेक्स शुक्रवार सुबह करीब 356 अंकों की गिरावट के साथ 79,658.99 पर खुला। इसके बाद बिकवाली का दबाव बढ़ता गया और शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स करीब 551 अंक टूटकर 79,464.74 के स्तर तक पहुंच गया।

वहीं निफ्टी 50 भी दबाव में नजर आया। पिछला सत्र 24,765.90 पर बंद होने के बाद निफ्टी शुक्रवार को 24,656.40 पर खुला और जल्द ही करीब 168 अंक गिरकर 24,597.75 तक आ गया। निफ्टी का 24,600 के नीचे आना बाजार की कमजोरी का संकेत माना जा रहा है।

सेक्टर की बात करें तो बैंकिंग, ऑटो और इंफ्रास्ट्रक्चर शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखने को मिली। इस दौरान ICICI बैंक करीब 2.60 फीसदी गिर गया। इसके अलावा इंडिगो, लार्सन एंड टुब्रो, अल्ट्राटेक सीमेंट और टाटा स्टील के शेयरों में भी गिरावट दर्ज की गई। एचडीएफसी बैंक, मारुति सुजुकी, अदाणी पोर्ट्स और बजाज फाइनेंस जैसे दिग्गज शेयर भी लाल निशान में कारोबार करते दिखे।

हालांकि गिरते बाजार में आईटी सेक्टर ने कुछ सहारा दिया। एचसीएल टेक, इंफोसिस, टेक महिंद्रा और टीसीएस के शेयरों में बढ़त देखी गई। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों में भी हल्की तेजी दर्ज की गई।