साल 2018 में एक शेड से शुरू किया काम, आज कर रहा है 20 शेडों तक मशरूम उत्पादन

Started operations in 2018 with one shed

सालाना करता है लगभग 1000 क्विंटल मशरूम का उत्पादन

संगरूर, 06 अक्टूबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Punjab Desk:  संगरूर ज़िले के ब्लॉक अंदाना के गांव रामपुरा गुज्जरां के प्रगतिशील किसान सोहन सिंह को “राष्ट्रीय मशरूम उत्पादक पुरस्कार” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें मशरूम की खेती में उनके नवाचार, मेहनत और सफलता के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, मशरूम अनुसंधान केंद्र, सोलन की ओर से राष्ट्रीय मशरूम मेले के दौरान प्रदान किया गया।

पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केंद्र, संगरूर के इंचार्ज डॉ. मनीप सिंह ने उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और कहा कि मशरूम की खेती कर आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ यह युवा किसान जिले के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बन रहा है।

डॉ. मनीप सिंह ने बताया कि सोहन सिंह ने पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी करने के बाद पीएयू, लुधियाना और मशरूम अनुसंधान केंद्र, सोलन से प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने साल 2018 में सिर्फ एक शेड से मशरूम उत्पादन की शुरुआत की थी और आज वह हर साल 15 से 20 शेडों में मशरूम उत्पादन कर रहे हैं। वह अपने “ढिल्लों मशरूम फार्म” पर सालाना लगभग 1000 क्विंटल मशरूम का उत्पादन कर रहे हैं।

किसान सोहन सिंह खेती के दौरान आने वाली तकनीकी या उत्पादन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, लुधियाना और मशरूम अनुसंधान केंद्र, सोलन के संपर्क में रहते हैं। अपने फार्म पर उन्होंने मौसमी और बेमौसमी मशरूम उत्पादन के लिए 25 से 30 लोगों को रोजगार भी प्रदान किया है।

सालभर मशरूम उत्पादन जारी रखने के लिए गर्मी के मौसम में वे चार एसी कमरों में (प्रत्येक में लगभग 3000 बैग) बटन मशरूम की खेती करते हैं। मशरूम उत्पादन के लिए उच्च गुणवत्ता वाली कंपोस्ट (खाद) वे अपने फार्म में ही स्थापित कंपोस्ट तैयार करने वाले यूनिट में बनाते हैं।