05:28 PM, 23-2025
SRH vs RR Live Score, IPL 2025: हैदराबाद ने बनाया विशाल स्कोर
सनराइजर्स हैदराबाद ने ईशान किशन के नाबाद शतक और ट्रेविस हेड के अर्धशतक के दम पर राजस्थान रॉयल्स के सामने जीत के लिए 287 रनों का लक्ष्य रखा है। राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया, लेकिन हैदराबाद ने ईशान और हेड के दम पर 20 ओवर में छह विकेट पर 286 रन बनाए। यह आईपीएल इतिहास का दूसरा सर्वोच्च टोटल है। आईपीएल में सबसे ज्यादा स्कोर करने का रिकॉर्ड भी हैदराबाद के नाम है। हैदराबाद ने आरसीबी के खिलाफ पिछले सीजन तीन विकेट पर 287 रन बनाए थे जो इस टूर्नामेंट का सर्वोच्च टोटल है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई, लेकिन अभिषेक के आउट होने के बाद हेड ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और अर्धशतक जड़ा। हेड के आउट होने के बाद लगा कि हैदराबाद की पारी धीमी पड़ जाएगी, लेकिन ईशान ने दमदार बल्लेबाजी की और 45 गेंदों पर शतक लगाकर अपनी क्षमता साबित की। ईशान का सनराइजर्स हैदराबाद के लिए यह डेब्यू मुकाबला था। ईशान 47 गेंदों पर 11 चौकों और छह छक्कों की मदद से 106 रन बनाकर नाबाद लौटे।
सनराइजर्स के लिए हेड ने 31 गेंदों पर नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 67 रन बनाए, जबकि हेनरिच क्लासेन ने 14 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 34 रन, नीतीश कुमार रेड्डी ने 15 गेंदों पर 30 रन, अभिषेक ने 11 गेंदों पर पांच चौकों के सहारे 24 रन और अनिकेत वर्मा ने सात रन बनाए। राजस्थान के लिए सबसे सफल गेंदबाज तुषार देशपांडे रहे जिन्होंने तीन विकेट झटके। उनके अलावा महेश तीक्ष्णा ने दो और संदीप शर्मा ने एक विकेट लिया।
05:22 PM, 23-2025
SRH vs RR Live Score, IPL 2025: ईशान किशन का शतक
सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज ईशान किशन ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 45 गेंदों पर शतक जड़ दिया है। ईशान का हैदराबाद के साथ यह पहला ही सीजन है और उन्होंने पहले मैच में शतक लगाकर अपनी क्षमता साबित कर दी है। यह आईपीएल 2025 का पहला शतक भी है। दिलचस्प बात यह है कि आईपीएल के 18वें सीजन के दूसरे ही मैच में शतक लगा है। ईशान इस मैच में विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे हैं जिससे हैदराबाद का स्कोर 270 के पार पहुंच गया है। हैदराबाद ने पिछले सीजन तीन बार 250+ का स्कोर बनाया था और इस बार उन्होंने अपने पहले ही मैच में स्कोर 270 के पार पहुंचा दिया। ईशान के शतक लगाने के बाद हैदराबाद ने अंतिम ओवर में दो गेंदों पर दो विकेट गंवाए। तुषार देशपांडे ने पहले अनिकेत वर्मा (7) को आउट किया और फिर अगली गेंद पर अभिनव मनोहर को कैच आउट कराया। हालांकि, वह हैट्रिक पूरी नहीं कर सके।
05:18 PM, 23-2025
SRH vs RR Live Score, IPL 2025: क्लासेन आउट हुए
तेज गेंदबाज संदीप शर्मा ने हेनरिच क्लासेन को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को चौथा झटका दिया। क्लासेन शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और 14 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए।
05:05 PM, 23-2025
SRH vs RR Live Score, IPL 2025: सनराइजर्स का स्कोर 200 के पार
ईशान किशन की तूफानी पारी की मदद से सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर 200 के पार पहुंच गया है। आईपीएल 2025 के दूसरे ही मैच में टीम ने 200 का आंकड़ा पार किया। ईशान ने पहले ट्रेविस हेड के साथ साझेदारी निभाई और फिर नीतीश रेड्डी के साथ साझेदारी की।
04:42 PM, 23-2025
SRH vs RR Live Score, IPL 2025: हैदराबाद का स्कोर 175 के पार
ट्रेविस हेड के आउट होने के बाद ईशान किशन ने नीतीश रेड्डी के साथ मोर्चा संभाला जिससे हैदराबाद का स्कोर 13 ओवर की समाप्ति केब ाद दो विकेट पर 178 रन हो गया है। ईशान ने 25 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। ईशान आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं और उन्होंने नीतीश के साथ तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली है।
04:22 PM, 23-2025
SRH vs RR Live Score, IPL 2025: ट्रेविस हेड आउट
तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे ने राजस्थान रॉयल्स को बड़ी सफलता दिलाई है। तुषार ने सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड को आउट किया जो विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे थे। हेड ने 21 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया था और वह लगातार आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे थे। हेड 31 गेंदों पर नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 67 रन बनाकर आउट हुए। हेड ने पहले अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर 45 रनों की साझेदारी की, फिर दूसरे विकेट के लिए ईशान किशन के साथ मिलकर 85 रन जोड़े। हैदराबाद ने 12 ओवर की समाप्ति तक 10 ओवर में दो विकेट पर 135 रन बना लिए हैं।
04:10 PM, 23-2025
IPL Live Score SRH vs RR: हेड का पचासा
सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अर्धशतक जड़ दिया है। हेड इस मैच में भी अपने चिर परिचित अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं और वह 21 गेंदों पर पचासा पूरा करने में सफल रहे। हेड का साथ ईशान किशन बखूबी निभा रहे हैं। इन दोनों की दमदार बल्लेबाजी से हैदराबाद का स्कोर आठ ओवर के बाद एक विकेट पर 115 रन हो गया है।
04:00 PM, 23-2025
IPL Live Score SRH vs RR: हेड की विस्फोटक पारी
सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड की विस्फोटक बल्लेबाजी जारी है जिसके दम पर सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर छह ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 94 रन हो गया है। हेड ने पहले अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। फिर अभिषेक के आउट होने के बाद भी विस्फोटक बल्लेबाजी जारी रखी।
03:46 PM, 23-2025
IPL Live Score SRH vs RR: हैदराबाद को पहला झटका
स्पिनर महेश तीक्ष्णा ने अभिषेक शर्मा को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को पहला झटका दिया है। अभिषेक हेड के साथ मिलकर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन यशस्वी को कैच थमाकर आउट हुए। अभिषेक 11 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर हेड का साथ देने ईशान किशन आए हैं।
03:45 PM, 23-2025
IPL Live Score SRH vs RR: हैदराबाद की तेज शुरुआत
अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने सनराइजर्स हैदराबाद को तेज शुरुआत दिलाई है। दोनों बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी की जिससे हैदराबाद ने तीन ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 45 रन बना लिए हैं। अभिषेक 24 रन और हेड 19 रन बनाकर खेल रहे हैं।











