30 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलें एक बार फिर तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के बीच हाल में हुई मुलाकात के बाद भले ही यह कहा गया हो कि सरकार में सब कुछ सामान्य है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा थमने का नाम नहीं ले रही।
अब कांग्रेस विधायक इकबाल हुसैन ने एक बार फिर दावा किया है कि डीके शिवकुमार अगले साल जनवरी के पहले हफ्ते में राज्य के मुख्यमंत्री बनेंगे। रामनगर से विधायक और शिवकुमार के करीबी माने जाने वाले हुसैन ने इससे पहले भी 6 या 9 जनवरी को सत्ता परिवर्तन की तारीख बताई थी, जिसे उन्होंने दोहराया है।
सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में इकबाल हुसैन ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि 6 या 9 जनवरी को डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री पद मिलेगा। उन्होंने कहा कि अगर कोई समझौता नहीं हुआ होता, तो पार्टी के वरिष्ठ नेता इस तरह की बातें नहीं करते। उनके मुताबिक, कांग्रेस नेतृत्व के बीच सत्ता-साझेदारी को लेकर सहमति बनी थी, इसी कारण यह चर्चा सामने आ रही है।
दरअसल, कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने हाल ही में अपने कार्यकाल के ढाई साल पूरे किए हैं। इसी के बाद से मुख्यमंत्री बदलने की अटकलों को और हवा मिली है। माना जा रहा है कि 2023 में सिद्धारमैया और शिवकुमार के बीच हुए कथित सत्ता-साझेदारी समझौते के तहत यह बदलाव संभव हो सकता है।
हालांकि, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया इन दावों को पहले ही खारिज कर चुके हैं। 19 दिसंबर को विधानसभा में उन्होंने साफ कहा था कि वह मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे और कांग्रेस हाईकमान उनके साथ है। उन्होंने यह भी कहा था कि अगले ढाई साल के लिए नेतृत्व परिवर्तन को लेकर कोई फैसला नहीं हुआ है।
वहीं, डीके शिवकुमार ने भी पहले बयान दिया था कि उनके और सिद्धारमैया के बीच कांग्रेस हाईकमान की मौजूदगी में एक समझौता हुआ है और दोनों नेता उसका पालन करेंगे। ऐसे में कर्नाटक की राजनीति में आने वाले दिनों में क्या बदलाव होगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।













