26 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Sports Desk: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना के परिवार ने तीन दिनों की चिंता के बाद आखिर राहत की सांस ली है। 23 नवंबर को उनकी शादी म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल से होनी थी, लेकिन उसी दिन स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इसके चलते शादी टालनी पड़ी और पूरा परिवार चिंता में डूब गया।
तीन दिनों तक अस्पताल में उपचार के बाद 25 नवंबर की देर रात श्रीनिवास मंधाना को सांगली के सर्वहित अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। बताया जा रहा है कि शादी वाले दिन दोपहर करीब 1.30 बजे उनके सीने में तेज दर्द उठा था, जांच में हार्ट अटैक के लक्षण दिखे और तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनकी एंजियोग्राफी भी की गई, जिसमें किसी गंभीर समस्या का पता नहीं चला। अब वे पूरी तरह खतरे से बाहर हैं और घर पर आराम कर रहे हैं।
हालांकि, पिता के स्वस्थ होने के बाद भी स्मृति की शादी को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। परिवार ने पहले ही स्पष्ट किया था कि पिता के पूरी तरह स्वस्थ होने से पहले कोई भी शादी की तारीख घोषित नहीं की जाएगी। लेकिन मामला अब और जटिल हो गया है, क्योंकि सोशल मीडिया पर पलाश मुच्छल के खिलाफ स्मृति को धोखा देने के आरोप वायरल हो रहे हैं। कुछ चैट स्क्रीनशॉट भी सामने आए हैं, हालांकि उनकी सत्यता की पुष्टि नहीं हुई है। इन अफवाहों ने शादी को लेकर और भी अनिश्चितता बढ़ा दी है।
फिलहाल, मंधाना परिवार की ओर से शादी की नई तारीख या तैयारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। सभी की निगाहें अब परिवार की अगली घोषणा पर टिकी हुई हैं।













