Sirsa, Dabwali Youth Injured, Bike Skids | Under Construction Bridge | डबवाली में निर्माणाधीन पुल पर फिसली बाइक: युवक को सिर में चोट, स्थानीय लोग बोले-ऐसे स्थलों पर चेतावनी संकेत लगाए जाएं – dabwali News

हादसे में सड़क पर पड़ा हुआ घायल युवक और क्षतिग्रस्त बाइक।

सिरसा में डबवाली में शुक्रवार को बाइक फिसलने से युवक घायल हो गया। बठिंडा-मलोट रिंग रोड से भारत माला की तरफ जाने वाले निर्माणाधीन पुल पर हादसा हुआ। घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है।

जानकारी के अनुसार गांव सकताखेड़ा के रहने वाले पवन नाम के युवक की बाइक पुल पर बिखरी बजरी की वजह से फिसल गई। पवन निजी काम से जा रहा था। पुल पर फैली बजरी के कारण उसकी बाइक बेकाबू हो गई। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।

लोगों ने डबवाली एम्बुलेंस सेवा ट्रस्ट को दी सूचना

आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मंडी डबवाली एम्बुलेंस सेवा ट्रस्ट को सूचना दी। एम्बुलेंस की टीम ने घायल पवन को डबवाली के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। एम्बुलेंस चालक कुलवंत सिंह ने बताया कि पवन की हालत में अब थोड़ा सुधार है।

स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी है। उनका कहना है कि निर्माणाधीन पुल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। लोगों की मांग है कि ऐसे स्थलों पर चेतावनी संकेत लगाए जाएं। साथ ही उचित सुरक्षा प्रबंध किए जाएं, जिससे भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाएं न हों।