![]()
सिरसा में आईसीयू में भर्ती किसान।
सिरसा जिले के डबवाली शहर की अनाज मंडी में बी-ब्लॉक एरिया में एक किसान पर आढ़ती द्वारा जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जोगेवाला गांव से अपनी फसल लेकर पहुंचे किसान जसविंदर उर्फ छिंदा सिंह पर एक आढ़ती ने लोहे के फावड़े से हमला कर दिया,
।
हालत गंभीर होने पर सिरसा रेफर
बताया जा रहा है कि किसान मंडी में मिढा ब्रदर्स की दुकान नंबर 207 पर सुबह से गेहूं की ट्राली उतार रहा था और पहले से ही तीन-चार ट्रालियां ढेरी पर रख चुका था। इसी दौरान दुकानदार धर्मपाल भोभिया ने जबरन ट्राली अनलोड करने से रोका और गाली-गलौज करते हुए किसान पर हमला कर दिया। हमले में किसान को सिर में गंभीर चोटें आईं, जिसे पहले डबवाली अस्पताल ले जाया गया और वहां से हालत गंभीर होने पर सिरसा रेफर किया गया।
परिजनों ने उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां वह ICU में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद मंडी में मौजूद किसानों में भारी रोष फैल गया है। किसान संगठनों ने इसे आढ़ती की खुली गुंडागर्दी बताया है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। किसानों का कहना है कि मंडी सरकार द्वारा किसानों के लिए बनाई गई है, ऐसे में किसी भी आढ़ती को अपनी मनमर्जी चलाने का हक नहीं है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
किसान संगठनों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और मंडी प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और मंडी में किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने उन अधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग की है, जो किसानों की शिकायतों को नजरअंदाज करते हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।












