09 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Lifestyle Desk: त्योहार या शादी-ब्याह के मौके पर जब अलमारी से चांदी के गहने और बर्तन निकाले जाते हैं, तो कई बार उनकी चमक फीकी पड़ चुकी होती है या वे काले हो जाते हैं। आमतौर पर लोग इन्हें पॉलिश कराने सुनार के पास ले जाते हैं या फिर घर पर DIY क्लीनिंग हैक्स आजमाते हैं। लेकिन अगर थोड़ी सी एक्स्ट्रा केयर पहले से की जाए, तो चांदी की चीजों को काला पड़ने से आसानी से बचाया जा सकता है।
दरअसल, चांदी हवा में मौजूद सल्फर और ऑक्सीजन के संपर्क में आने पर ऑक्सीकरण की वजह से काली पड़ने लगती है। नमी, प्रदूषण और गलत स्टोरेज भी इसकी चमक खराब कर देते हैं। अगर आप अलमारी में चांदी के गहने और बर्तन सही तरीके से रखें, तो हर मौसम में इनकी शाइन बनी रह सकती है। आइए जानते हैं 5 जरूरी बातें—
1. हवा के संपर्क से बचाएं
चांदी को खुले में रखने से वह जल्दी काली पड़ जाती है। इसलिए गहनों और बर्तनों को जिपलॉक बैग, एयरटाइट बॉक्स या कंटेनर में स्टोर करें, ताकि एयर एक्सपोजर कम हो।
2. प्रोटेक्टिव रैप का इस्तेमाल करें
चांदी की चीजों को स्टोर करते समय एंटी-टर्निश कपड़े जैसे वेलवेट या फ्लैनल में लपेटें। आप एसिड-फ्री टिश्यू पेपर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। हर सिल्वर आइटम को अलग-अलग रैप करना बेहतर रहता है।
3. नमी से रखें दूर
नमी चांदी की सबसे बड़ी दुश्मन है। स्टोरेज बॉक्स में सिलिका जेल पैकेट, एंटी-टर्निश स्ट्रिप्स या चारकोल रखें, जिससे ह्यूमिडिटी कंट्रोल में रहे।
4. सही जगह पर स्टोर करें
चांदी के गहने और बर्तन ठंडी और सूखी जगह पर रखें। इन्हें डायरेक्ट धूप से बचाएं और अंधेरी (डार्क) जगह पर स्टोर करना ज्यादा सही होता है।
5. दूसरी धातुओं से अलग रखें
चांदी को कॉपर, आयरन या पीतल जैसी दूसरी धातुओं के साथ रखने से केमिकल रिएक्शन हो सकता है, जिससे वह जल्दी काली पड़ जाती है। इसलिए चांदी की चीजों को हमेशा अलग बॉक्स में रखें या स्पेशलाइज्ड सिल्वर स्टोरेज बॉक्स का इस्तेमाल करें।
इन आसान टिप्स को अपनाकर आप बिना पॉलिश और अतिरिक्त मेहनत के अपनी चांदी के गहनों और बर्तनों की चमक लंबे समय तक बनाए रख सकते हैं। ✨













