हरियाणा में बढ़ती गर्मी के संकेत, मार्च की शुरुआत में पारा 35 डिग्री तक जाने की संभावना

24 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Haryana Desk: हरियाणा में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। फरवरी के आखिरी सप्ताह में ही गर्मी का असर महसूस किया जाने लगा है और मौसम विभाग के अनुसार मार्च के पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है। बीती रात औसत न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव दर्ज नहीं किया गया।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तरी हवाओं के असर से रात के तापमान में हल्की गिरावट संभव है, लेकिन कुल मिलाकर दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से ऊपर बना रहेगा। अंबाला और जींद (पांडु पिंडारा) में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि हिसार, सिरसा और भिवानी में पारा थोड़ा नीचे गया है। प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 25 फरवरी तक तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, लेकिन महीने के अंतिम दिनों में दिन और रात दोनों के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। विभाग के विश्लेषण के मुताबिक मार्च की शुरुआत अपेक्षाकृत ज्यादा गर्म रहेगी। इस दौरान दिन का तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक और न्यूनतम तापमान 10 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

फिलहाल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। गुरुग्राम में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से ज्यादा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में दोपहर के समय गर्मी का असर और तेज महसूस हो सकता है।

कुल मिलाकर, हरियाणा में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने और तापमान में लगातार बढ़ोतरी का रुख बने रहने की संभावना है।