20 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Sports Desk: भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 में हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में घमासान तेज हो गया है। मैदान पर प्रदर्शन के साथ-साथ खिलाड़ियों के बयान भी विवाद की वजह बन रहे हैं। इसी कड़ी में ऑलराउंडर Shadab Khan की एक टिप्पणी ने नया विवाद खड़ा कर दिया है, जिस पर अब Pakistan Cricket Board (PCB) को हस्तक्षेप करना पड़ा है।
दरअसल, नामीबिया के खिलाफ जीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में शादाब ने पूर्व क्रिकेटरों की आलोचना का जवाब देते हुए कहा था कि दिग्गज भी भारत के खिलाफ वह हासिल नहीं कर पाए, जो मौजूदा टीम ने किया है। उनका इशारा 2021 टी20 विश्व कप में भारत पर मिली जीत की ओर था। शादाब का यह बयान सीधे तौर पर Shahid Afridi और Mohammad Yousuf की हालिया आलोचनाओं से जुड़ा माना गया।
पीसीबी की सख्त चेतावनी
शादाब के बयान के बाद पीसीबी ने टीम मैनेजर के जरिए उन्हें कड़ा संदेश दिया है। बोर्ड ने साफ कहा है कि खिलाड़ियों को प्रेस कॉन्फ्रेंस में संयम बरतना चाहिए और पूर्व दिग्गजों के प्रति सम्मान बनाए रखना होगा। सूत्रों के मुताबिक, पीसीबी का मानना है कि शादाब अपनी सीमा से बाहर चले गए थे और ऐसे बयान टीम की छवि को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
अफरीदी-यूसुफ की आलोचना से शुरू हुआ विवाद
भारत के खिलाफ हार के बाद शाहिद अफरीदी ने टीम प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए बाबर आजम, शाहीन अफरीदी और शादाब खान जैसे सीनियर खिलाड़ियों को बाहर बैठाने की बात कही थी। वहीं मोहम्मद यूसुफ ने भी कहा था कि इन खिलाड़ियों का दौर अब खत्म हो चुका है और युवा खिलाड़ियों को मौका दिया जाना चाहिए।
ससुर सकलैन मुश्ताक भी खफा
इस पूरे विवाद में शादाब के ससुर और पूर्व दिग्गज स्पिनर Saqlain Mushtaq ने भी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि ऐसी टिप्पणियां अनावश्यक थीं। सकलैन के मुताबिक, भले ही उन्होंने आईसीसी ट्रॉफी न जीती हो, लेकिन पाकिस्तान के लिए कई अहम टेस्ट और वनडे मैच जिताए हैं। इससे साफ है कि शादाब की भाषा पर न सिर्फ बोर्ड, बल्कि सीनियर खिलाड़ी भी असहमत हैं।
आगे की रणनीति
रिपोर्ट्स के अनुसार, अब पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट खिलाड़ियों को मीडिया से बातचीत में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की हिदायत दे रहा है। भारत के खिलाफ मुकाबले के बाद कुछ समय तक खिलाड़ियों को मीडिया से दूर भी रखा गया। अब सुपर-आठ चरण में पाकिस्तान की नजर सिर्फ अपने प्रदर्शन पर होगी, ताकि मैदान के बाहर के विवाद खेल पर हावी न हों।













