28 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर
Himachal Desk: जर्मनी के राइन रूहर में आयोजित विश्व विश्वविद्यालय खेलों में चंबा की सीमा ने 5,000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। सीमा झुलाड़ा पंचायत के रेटा गांव की रहने वाली हैं। यह पहली बार है जब किसी भारतीय महिला एथलीट ने विश्व विश्वविद्यालय खेलों में 5,000 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया है।
सीमा को पहले 10,000 मीटर दौड़ के लिए भी चयनित किया गया था, लेकिन कुछ कारणों से वह इसमें भाग नहीं ले सकीं। उनकी इस उपलब्धि से चंबा जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।
सीमा के नाम अब तक दो अंतरराष्ट्रीय और 20 से अधिक राष्ट्रीय पदक हैं। उल्लेखनीय है कि सीमा को पहली बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भेजने के लिए उनकी मां ने अपनी एफडी तोड़ी थी। उनकी मेहनत और परिवार के सहयोग से ही यह सफलता संभव हो सकी है।
सीमा ने अपनी इस बड़ी जीत का श्रेय अपने प्रशिक्षकों, परिवार और बुजुर्गों को दिया है।