23 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Chandigarh Desk: चंडीगढ़ के पॉश इलाके सेक्टर-33 में कारोबारी अजीत जैन के घर हुई करीब डेढ़ करोड़ रुपये की सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस ने आठ साल बाद जिला अदालत में अनट्रेस रिपोर्ट दाखिल कर दी है। इस रिपोर्ट पर 1 मई को सुनवाई तय की गई है। अब अदालत यह तय करेगी कि रिपोर्ट को स्वीकार किया जाए या मामले में दोबारा जांच के आदेश दिए जाएं।
यह वारदात 10 जनवरी 2018 की शाम करीब 7:30 बजे हुई थी, जब चार नकाबपोश बदमाश पिस्टल के साथ घर में घुसे। उस समय घर में कारोबारी की बेटी खुशबू जैन और दो नौकर मौजूद थे। आरोपियों ने तीनों को बंधक बनाकर लॉकर की चाबी मांगी और विरोध करने पर खुशबू जैन पर हमला भी किया। इसके बाद धमकी देकर लॉकर खुलवाया गया और बदमाश करीब डेढ़ करोड़ रुपये नकद और जेवरात लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात करीब 20 मिनट तक चली।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी काले रंग की हुंडई सैंट्रो कार में आए थे और सभी ने मंकी कैप पहन रखी थी, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। बदमाश इशारों में बातचीत कर रहे थे, जिससे पुलिस को आशंका थी कि उन्हें घर में रखी रकम की सटीक जानकारी पहले से थी। इसी आधार पर अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की गई। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, लेकिन कार का नंबर स्पष्ट नहीं मिल पाया।
मामले में उस समय एक और एंगल तब जुड़ा, जब घटना के करीब दस दिन बाद कारोबारी के ड्राइवर का श*व जीरकपुर के पास रेलवे ट्रैक पर मिला। इसे आ*त्महत्या बताया गया, हालांकि जांच में उसके खिलाफ कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया। इस दिशा में भी जांच की गई, लेकिन कोई निर्णायक नतीजा नहीं निकल सका।
लंबे समय तक पूछताछ, तकनीकी जांच और संभावित संदिग्धों की पड़ताल के बावजूद पुलिस को कोई पुख्ता सुराग नहीं मिला। पर्याप्त सबूत न होने के चलते पुलिस ने अब अनट्रेस रिपोर्ट दाखिल कर केस को बंद करने की प्रक्रिया शुरू की है। अब 1 मई को अदालत तय करेगी कि यह मामला यहीं खत्म होगा या फिर इसकी दोबारा जांच कराई जाएगी।













