16 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Lifestyle Desk: समोसे, पकौड़े या फ्रेंच फ्राइज…तली हुई चीजों का नाम सुनते ही स्वाद याद आता है, लेकिन साथ में अतिरिक्त तेल की चिंता भी। अक्सर डीप फ्राई की हुई चीजें जरूरत से ज्यादा तेल सोख लेती हैं, जिससे न सिर्फ स्वाद प्रभावित होता है बल्कि सेहत पर भी असर पड़ता है।
मशहूर शेफ संजीव कपूर के मुताबिक, अगर सही तकनीक अपनाई जाए तो डीप फ्राइंग भी कम तेल वाली और क्रिस्पी हो सकती है। तेल की क्वालिटी, तापमान और फ्राइंग के तरीके पर ध्यान देकर आप घर पर बेहतर और कम ऑयली स्नैक्स बना सकते हैं। यहां जानिए उनकी 7 खास टिप्स:
1. सही तेल का चुनाव करें
डीप फ्राइंग के लिए हाई स्मोक पॉइंट वाला तेल चुनें, जैसे रिफाइंड, मूंगफली या सरसों का तेल। कम स्मोक पॉइंट वाला तेल जल्दी जलता है और खाने में ज्यादा सोख जाता है।
2. तेल को पूरी तरह गर्म होने दें
गुनगुने तेल में सामग्री डालने से वह ज्यादा तेल पीती है। तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए, तब ही समोसे या पकौड़े डालें। सही तापमान पर चीजें तुरंत ऊपर आ जाती हैं और कम तेल सोखती हैं।
3. कढ़ाही में ओवरलोड न करें
एक साथ बहुत ज्यादा सामग्री डालने से तेल का तापमान गिर जाता है। इससे स्नैक्स चिपचिपे और ऑयली बन सकते हैं। बैच में फ्राई करना बेहतर रहता है।
4. शुरुआत में ज्यादा न छेड़ें
तलते समय बार-बार चलाने से बाहरी परत टूट सकती है। पहले उसे सेट होने दें, फिर हल्के हाथ से पलटें।
5. सामग्री को पहले अच्छी तरह सुखाएं
अगर आलू या सब्जियां पानी में भिगोई हों तो तलने से पहले पूरी तरह सुखा लें। इससे तेल के छींटे भी कम पड़ेंगे और टेक्सचर बेहतर रहेगा।
6. तापमान जांचने का आसान तरीका
तेल तैयार है या नहीं, यह जांचने के लिए मिश्रण का छोटा टुकड़ा डालें। अगर वह तुरंत ऊपर आ जाए तो समझिए तेल सही तापमान पर है।
7. एक्स्ट्रा कोटिंग हटा दें
ब्रेड क्रम्ब्स या बैटर कोटिंग वाली चीजों को तलने से पहले अतिरिक्त परत झाड़ दें। इससे तेल साफ रहेगा और स्नैक्स ज्यादा ऑयली नहीं बनेंगे।
इन आसान ट्रिक्स को अपनाकर आप घर पर कुरकुरे और कम तेल वाले समोसे-पकौड़े बना सकती हैं। सही तकनीक के साथ डीप फ्राइंग भी हेल्दी और स्वादिष्ट हो सकती है।













