सबरीमाला सोना चोरी मामला: केरल विधानसभा में भारी हंगामा, विपक्ष ने सीएम ऑफिस पर लगाए दखल के आरोप

03 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  सबरीमाला मंदिर से सोना चोरी होने के मामले को लेकर केरल विधानसभा में मंगलवार को तीखा राजनीतिक टकराव देखने को मिला। विपक्षी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने सरकार पर जांच में हस्तक्षेप करने और आरोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुए सदन में जोरदार हंगामा किया।

विपक्ष का कहना है कि मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की दखलअंदाजी के चलते जांच प्रभावित हो रही है। UDF नेताओं ने इस मामले में निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की मांग करते हुए सदन की कार्यवाही का बहिष्कार भी किया। विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन ने कहा कि सरकार सच्चाई सामने आने से रोकने की कोशिश कर रही है।

इस बीच सरकार ने कार्रवाई करते हुए मामले से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी को निलंबित कर दिया है। हालांकि विपक्ष का आरोप है कि यह कदम केवल दिखावे के लिए उठाया गया है और असली जिम्मेदारों को बचाया जा रहा है।

सोना चोरी का मामला सामने आने के बाद से राज्य की राजनीति में लगातार उबाल बना हुआ है। विपक्ष ने चेतावनी दी है कि जब तक निष्पक्ष जांच सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक उसका विरोध जारी रहेगा।