रणबीर कपूर की ‘रामायण’ पर अफवाहों का बाजार गर्म, विजय सेतुपति नहीं निभा रहे विभीषण का किरदार

09 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Bollywood Desk: रणबीर कपूर और साई पल्लवी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर इन दिनों सच से ज्यादा अफवाहें उड़ रही हैं। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस मेगा बजट फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर आए दिन नए दावे सामने आते रहते हैं। हाल ही में एक ऐसी ही खबर ने जोर पकड़ा, जिसमें कहा गया कि साउथ के दिग्गज अभिनेता विजय सेतुपति फिल्म में रावण के भाई विभीषण की भूमिका निभाएंगे। लेकिन अब इस खबर की सच्चाई सामने आ चुकी है।

दरअसल, कुछ रिपोर्ट्स में विजय सेतुपति की ‘रामायण’ में एंट्री का दावा किया गया था। इस खबर के फैलते ही फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, क्योंकि विजय सेतुपति को एक दमदार कलाकार माना जाता है। हालांकि, यह चर्चा ज्यादा देर टिक नहीं पाई। कुछ ही घंटों बाद साफ हो गया कि यह महज एक अफवाह थी।

विजय सेतुपति ने खुद तोड़ी चुप्पी

इस पूरे मामले पर विजय सेतुपति ने खुद बयान देकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। एक रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा,
“मैं इस प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं हूं। पता नहीं ये बात कहां से आई।”
इस बयान के बाद साफ हो गया कि विजय सेतुपति न तो विभीषण का किरदार निभा रहे हैं और न ही ‘रामायण’ फिल्म से किसी भी तरह जुड़े हुए हैं।

फिल्म को लेकर क्यों उड़ती हैं इतनी अफवाहें?

‘रामायण’ को भारत की सबसे महंगी फिल्मों में से एक बताया जा रहा है, जिसका बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जाता है। मेकर्स ने अब तक फिल्म की पूरी स्टारकास्ट की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, इसी वजह से आए दिन किसी न किसी कलाकार की एंट्री या एग्जिट को लेकर अटकलें लगती रहती हैं।

अब तक सामने आई स्टारकास्ट

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में

  • रणबीर कपूर भगवान राम,

  • साई पल्लवी माता सीता,

  • यश रावण,

  • सनी देओल हनुमान,

  • रवि दुबे लक्ष्मण,

  • लारा दत्ता कैकेयी,

  • अरुण गोविल दशरथ,

  • रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा और

  • शीबा चड्ढा मंथरा के किरदार में नजर आ सकती हैं।

हालांकि, इनमें से कई नाम फिलहाल रिपोर्ट्स के आधार पर सामने आए हैं और मेकर्स की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

दिवाली पर रिलीज होगा पहला पार्ट

रणबीर कपूर की ‘रामायण’ का पहला भाग इसी साल दिवाली पर रिलीज होने वाला है। ऐसे में फिल्म से जुड़ी हर छोटी-बड़ी खबर सुर्खियों में बनी हुई है, लेकिन विजय सेतुपति की एंट्री को लेकर फैली अफवाह पर अब पूरी तरह विराम लग चुका है।