26 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: देश में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह ने कई राज्यों में अफरातफरी का माहौल पैदा कर दिया है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, प्रयागराज और श्रावस्ती सहित कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे प्रशासन को हालात संभालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईंधन की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को लेकर यह अफवाह तेजी से फैली। गोरखपुर, जो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संसदीय क्षेत्र है, वहां अचानक पेट्रोल-डीजल खत्म होने की खबरें फैलते ही लोग बड़ी संख्या में पंपों पर पहुंचने लगे।
स्थिति बिगड़ती देख जिलाधिकारी दीपक मीणा ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए वीडियो संदेश जारी किया और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने साफ किया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और किसी तरह की कोई कमी नहीं है।
अफवाहों के चलते कई जगहों पर लोगों ने जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवाने की कोशिश की, जिससे अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई। वहीं, श्रावस्ती में प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए ड्रम, जरीकेन या बोतलों में पेट्रोल देने पर रोक लगा दी है, ताकि कालाबाजारी और जमाखोरी को रोका जा सके।
प्रयागराज में भी पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी गईं, हालांकि पंप संचालकों ने स्पष्ट किया कि पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
यह अफवाह सिर्फ उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रही। गुजरात, असम, मध्य प्रदेश, बिहार और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिली। कई जगहों पर पेट्रोल पंप मालिक लोगों को समझाने की कोशिश करते रहे कि स्टॉक पर्याप्त है, लेकिन अफवाहों के कारण लोग घबराकर ईंधन भरवाने पहुंचते रहे।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि के किसी भी जानकारी पर भरोसा न करें और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करें, ताकि अनावश्यक भीड़ और अफरातफरी से बचा जा सके।













