बंगाल विधानसभा में हंगामा, अल्पसंख्यक बिल पर बहस के बीच BJP के 5 विधायक निलंबित

बंगाल विधानसभा में हंगामा, अल्पसंख्यक बिल पर बहस के बीच BJP के 5 विधायक निलंबित

05 सितम्बर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk: पश्चिम बंगाल विधानसभा में हंगामा, भाजपा के पांच विधायक निलंबित; हाथापाई में कई घायल                                                                                                                            पश्चिम बंगाल विधानसभा में गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भाजपा विधायकों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई की नौबत आ गई। हालात बिगड़ने पर स्पीकर ने भाजपा के पांच विधायकों—शंकर घोष, मिहिर गोस्वामी, अशोक डिंडा, बंकिम घोष और अग्निमित्रा पॉल—को अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया।

घटनाक्रम के दौरान भाजपा विधायक एवं मुख्य सचेतक शंकर घोष घायल हो गए। उन्हें मार्शलों ने घसीटकर सदन से बाहर निकाला और बाद में अस्पताल में भर्ती कराया गया। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

दरअसल, दो दिन पहले विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी को निलंबित किए जाने के बाद सदन में तनाव लगातार बढ़ रहा था। इसी मुद्दे पर भाजपा विधायकों ने विरोध जताया, जिसके चलते हालात बेकाबू हो गए।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष बंगाली प्रवासियों के अधिकार और भाषा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा रोकना चाहता है। उन्होंने भाजपा को “लोकतंत्र और बंगाली संस्कृति का अपमान करने वाला दल” बताया और दावा किया कि जल्द ही जनता भाजपा को पूरी तरह सत्ता और सदन से बाहर कर देगी।

वहीं, शुभेंदु अधिकारी ने पलटवार करते हुए ममता बनर्जी को “अलोकतांत्रिक” करार दिया और कहा कि विधानसभा में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। भाजपा ने आरोप लगाया कि स्पीकर बिमान बनर्जी पूरी तरह पक्षपात कर रहे हैं और विपक्ष की आवाज़ दबाई जा रही है।

सदन के बाहर भी हालात गरमा गए। भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो पोस्ट कर घटनाक्रम की जानकारी दी। एक वीडियो में शंकर घोष ज़मीन पर पड़े नज़र आए। बाद में उन्हें एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। शुभेंदु अधिकारी ने अन्य घायल विधायकों की हालत को लेकर भी वीडियो साझा किए।