10 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollywood Desk: बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के घर हुई गोलीबारी के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने अहम खुलासे किए हैं। जांच में सामने आया है कि इस वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों का सप्लायर पिछले चार साल से बिश्नोई गैंग के लिए काम कर रहा था और वह पेशे से गैराज मैकेनिक था।
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, हमलावरों के निशाने पर सीधे तौर पर रोहित शेट्टी ही थे। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि आरोपी हथियार सप्लायर आसाराम फासले का सीधा संबंध बिश्नोई गिरोह से था। वह बाबा सिद्दीकी हत्याकांड और रोहित शेट्टी फायरिंग मामले के कथित मास्टरमाइंड शुभम लोनकर के प्रभाव में आकर गिरोह से जुड़ा था।
जांच एजेंसी का दावा है कि शुभम लोनकर के निर्देश पर आसाराम फासले ने स्वप्निल सकट को हथियार सौंपे थे। इन्हीं हथियारों का इस्तेमाल अज्ञात शूटर ने रोहित शेट्टी के घर के बाहर की गई फायरिंग में किया।
क्राइम ब्रांच ने 5 फरवरी को आरोपी आसाराम फासले को गिरफ्तार किया था। पहले से गिरफ्तार चार आरोपियों में से उसकी पहचान स्वप्निल सकट से सीधे तौर पर जुड़ी हुई पाई गई है, जो शुभम लोनकर के जरिए संपर्क में आया था। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आसाराम के गैंग से जुड़े होने की भनक उसके कुछ करीबी लोगों को थी। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या इन लोगों का भी लॉरेंस-बिश्नोई गैंग से कोई संबंध है।
इसके साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने हथियार कहां से हासिल किए थे और इसके बदले उसे कितनी रकम दी गई थी।
गौरतलब है कि 31 जनवरी की रात करीब 12:45 बजे मुंबई के जुहू इलाके में स्थित रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना हुई थी। पुलिस के अनुसार, इस दौरान कम से कम पांच राउंड फायर किए गए थे, जिनमें से एक गोली इमारत में बने जिम के शीशे से जा टकराई थी। बाद में सामने आई रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस-बिश्नोई गैंग ने ली थी।













