फतेहाबाद में चालक से मारपीट के खिलाफ रोडवेज कर्मियों का चक्का जाम, बस सेवाएं ठप, यात्रियों को भारी दिक्कत

19 जून 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

Haryana Desk: फतेहाबाद में रोडवेज कर्मचारी का चक्का जाम, चालक पर हमले के विरोध में प्रदेशव्यापी प्रदर्शन की चेतावनी  फतेहाबाद डिपो के परिचालक कृष्ण कुंडू पर हुए जानलेवा हमले को लेकर हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार तड़के 3:30 बजे हिसार डिपो के सांझा मोर्चा ने रोडवेज बसों का चक्का जाम कर दिया। कर्मचारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो शुक्रवार को पूरे हरियाणा में बसों का संचालन ठप कर दिया जाएगा।

सांझा मोर्चा के नेताओं ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमला करने वाले अभी तक खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। रोडवेज यूनियन के प्रधान राजबीर दुहन ने स्पष्ट कहा कि जब तक सभी हमलावर गिरफ्तार नहीं होते, प्रदर्शन जारी रहेगा।

धरने में कई कर्मचारी नेताओं ने भाग लिया, जिनमें अजय दुहन, नरेंद्र सोनी, जोगिंद्र पंघाल, राजकुमार चौहान, अमित जुगलान, नरेंद्र खरड़, अरुण शर्मा, सतीश लौरा, प्रदीप डाबड़ा और रोहताश कुंडू प्रमुख रहे। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई नहीं की तो यह आंदोलन प्रदेशव्यापी होगा।

सिरसा और डबवाली में भी चक्का जाम, यात्री परेशान

फतेहाबाद में हुई घटना का असर सिरसा और डबवाली में भी देखने को मिला। यहां रोडवेज कर्मचारियों ने मुख्य गेट बंद कर प्रदर्शन किया और बसों का संचालन रोक दिया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यात्रियों को दिल्ली, हिसार, गुरुग्राम, भिवानी और राजस्थान जाने के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा।

रेलवे स्टेशन पर सुबह के समय यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी, किसान एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में खचाखच भीड़ देखी गई। इस बीच, राजस्थान रोडवेज, पंजाब डिपो और निजी बस संचालकों ने मोर्चा संभालते हुए कुछ रूटों पर बसें चलाईं, जिससे यात्रियों को थोड़ी राहत मिली। हालांकि, लोकल रूटों पर हालात बदतर रहे और यात्री घंटों बसों का इंतजार करते नजर आए।

रोडवेज यूनियनों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो शुक्रवार को पूरे राज्य में रोडवेज सेवाएं बंद कर दी जाएंगी।