रितु नेगी की कप्तानी में उतरेगी भारतीय महिला कबड्डी टीम विश्वकप में, हिमाचल की पांच खिलाड़ियों को मिली जगह

रितु नेगी की कप्तानी में उतरेगी भारतीय महिला कबड्डी टीम विश्वकप में, हिमाचल की पांच खिलाड़ियों को मिली जगह

11 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Himachal Desk:  रितु नेगी की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम उतरेगी विश्वकप में, हिमाचल की पांच बेटियों को मिला   मौका                                                                                                        बांग्लादेश की राजधानी ढाका में 15 नवंबर से शुरू हो रहे महिला कबड्डी विश्वकप में भारत की महिला कबड्डी टीम की कमान हिमाचल प्रदेश की रितु नेगी संभालेंगी। टीम में हिमाचल प्रदेश की पांच खिलाड़ियों का चयन हुआ है — रितु नेगी, साक्षी शर्मा, पुष्पा राणा, चंपा ठाकुर और भावना। यह सभी खिलाड़ी 14 नवंबर को बांग्लादेश के लिए रवाना होंगी।

भारतीय महिला कबड्डी टीम के चयन के लिए आयोजित फाइनल कोचिंग शिविर में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर टीम की घोषणा की गई। करीब 15 दिन चले इस शिविर में हिमाचल की पुष्पा, ज्योति, रितु नेगी, भावना, साक्षी शर्मा और निधि ने भाग लिया। चयन के बाद रितु नेगी को कप्तान और पुष्पा राणा को उपकप्तान बनाया गया है।

हिमाचल की तीन खिलाड़ी — पुष्पा राणा, चंपा ठाकुर और भावना — भारतीय खेल प्राधिकरण के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, धर्मशाला में प्रशिक्षण लेती हैं, जबकि रितु नेगी और साक्षी शर्मा प्रदेश की ओर से खेलती हैं। इससे पहले एशियन कबड्डी चैंपियनशिप में हिमाचल की बेटियों ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था। अब एक बार फिर उनसे स्वर्ण पदक की उम्मीदें जुड़ी हैं।

भारतीय खेल प्राधिकरण के सहायक निदेशक जे.पी. शानी ने कहा कि हिमाचल की बेटियां लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं और इस बार भी वे देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर लौटेंगी।