30 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Haryana Desk: देश और प्रदेश का नाम रोशन करते हुए रिद्धिमा कौशिक ने किक बॉक्सिंग में एक नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने किक लाइट 55 किलोग्राम और 60 किलोग्राम—दोनों भारवर्गों में राष्ट्रीय स्तर पर पहली रैंक हासिल कर ली है। कुछ महीनों बाद जारी होने वाली टॉप-10 राष्ट्रीय रैंकिंग में भी उनका नाम शीर्ष स्थान पर दर्ज किया गया है।
इस उपलब्धि के साथ रिद्धिमा कौशिक अलग-अलग दो भारवर्गों में नंबर-1 बनने वाली भारत की पहली महिला किक बॉक्सर बन गई हैं, जो भारतीय किक बॉक्सिंग के लिए गर्व का क्षण है।
परिवार का मजबूत साथ
पोती की इस ऐतिहासिक सफलता पर दादा ओमप्रकाश भौंगरा और पिता सुरेंद्र कौशिक ने खुशी जाहिर करते हुए कहा,
“आज की बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं।”
उन्होंने बताया कि शुरुआत से ही दोनों बेटियों—रिद्धिमा कौशिक और विधिका कौशिक—को खेलों में आगे बढ़ने के लिए पूरा सहयोग दिया गया।
10 वर्षों में 50+ स्वर्ण पदक
उल्लेखनीय है कि रिद्धिमा और विधिका कौशिक ने पिछले 10 वर्षों में 50 से अधिक स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र और देश का मान बढ़ाया है।
सफलता का श्रेय
रिद्धिमा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा, माता-पिता और परिवार को देते हुए कहा कि उनके निरंतर प्रोत्साहन और समर्थन ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
फेडरेशन की शुभकामनाएं
इस उपलब्धि पर WAKO इंडिया किक बॉक्सिंग फेडरेशन के अध्यक्ष संतोष कुमार अग्रवाल ने भी प्रसन्नता व्यक्त की और रिद्धिमा कौशिक के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।













