![]()
हरियाणा के रेवाड़ी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर एक सड़क हादसे में ड्राइवर की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजस्थान के बहरोड़ जिले के बर्डोद के पिंकू सैनी के रूप में हुई है। मामले की सूचना पर पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
।
ओवरटेक करने की कोशिश
पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 31 मार्च को योगेश व उसका भाई पिंकू सैनी अपनी अलग-अलग पिकअप गाड़ियों में टमाटर लेकर उत्तर प्रदेश के कासगंज से निकले थे। योगेश की गाड़ी पिंकू की गाड़ी के पीछे चल रही थी। काठूवास रोड पर कोवेंट्री कोविल कंपनी के पास एक तेज रफ्तार गाड़ी ने पहले योगेश की गाड़ी को ओवरटेक किया। फिर उसने पिंकू की गाड़ी को ड्राइवर साइड से टक्कर मार दी।
सीमेंट पिलर से टकराई गाड़ी
टक्कर के बाद पिंकू की गाड़ी बेकाबू होकर सड़क किनारे नाले के पास बने सीमेंट पिलर से टकरा गई। घायल पिंकू को एम्बुलेंस से रेवाड़ी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीन दिन के उपचार के बाद 3 अप्रैल को पिंकू की मौत हो गई। मृतक के भाई योगेश की शिकायत पर पुलिस ने लापरवाह ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।












