07 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
International Desk: मलेशिया के पूर्व प्रधानमंत्री और 100 वर्षीय नेता महाथिर मोहम्मद के निधन की खबरें पूरी तरह निराधार हैं। उनकी बेटी मरीना महाथिर ने इन अफवाहों को खारिज करते हुए बताया कि महाथिर दाहिने कूल्हे की हड्डी में फ्रैक्चर के कारण अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर है और यह चोट जानलेवा नहीं है।
मरीना महाथिर के अनुसार, महाथिर मंगलवार को अपने घर पर गिर गए थे, जिसके बाद उन्हें कुआलालंपुर स्थित नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है और उम्र अधिक होने के कारण उन्हें ठीक होने में समय लग सकता है। फिलहाल उन्हें अगले कुछ हफ्तों तक अस्पताल में ही रखा जाएगा।
महाथिर के बेटे मुखरिज ने बताया कि वे रोज़ की तरह सुबह की तेज़ चाल वाली सैर के दौरान फिसलकर गिर पड़े थे। डॉक्टरों ने उनकी उम्र को देखते हुए सर्जरी से परहेज करने का फैसला किया है, इसलिए उपचार और रिकवरी की प्रक्रिया लंबी हो सकती है।
महाथिर मोहम्मद 1981 से 2003 और फिर 2018 से 2020 तक दो बार मलेशिया के प्रधानमंत्री रह चुके हैं। दूसरे कार्यकाल में वे दुनिया के सबसे उम्रदराज़ राष्ट्राध्यक्ष बने थे। हालांकि वे अब सक्रिय राजनीति से दूर हैं, लेकिन देश और दुनिया के मुद्दों पर अपनी राय सार्वजनिक रूप से रखते रहते हैं।
गौरतलब है कि महाथिर पहले भी हृदय संबंधी समस्याओं से जूझ चुके हैं और उनकी दो बार बाईपास सर्जरी हो चुकी है। इसके बावजूद वे मानसिक और शारीरिक रूप से सक्रिय रहने में विश्वास रखते हैं और यही उनकी लंबी सक्रियता का आधार रहा है।











