25 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Business Desk: नवंबर का महीना देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के लिए बेहद शानदार साबित हो रहा है। लगातार तीन कारोबारी दिनों में कंपनी के शेयर दो बार 52 हफ्तों के नए रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच चुके हैं। मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह तेजी आगे भी जारी रह सकती है और कंपनी जल्द ही अपने लाइफटाइम हाई को भी पार कर सकती है। इस महीने रिलायंस के शेयरों में करीब 5% की बढ़त देखने को मिली है, जिसकी वजह से कंपनी की मार्केट वैल्यू 21 लाख करोड़ रुपए से ऊपर चली गई है।
ब्रोकरेज फर्म जेपी मॉर्गन ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि साल 2026 में रिलायंस की कमाई में जबरदस्त ग्रोथ देखने को मिलेगी। इसी उम्मीद पर निवेशकों का भरोसा बढ़ रहा है और शेयरों में तेजी जारी है। मौजूदा साल में ही कंपनी के शेयर करीब 27% चढ़ चुके हैं, जो कोरोना काल 2020 के बाद सबसे बड़ी वार्षिक बढ़त मानी जा रही है।
मंगलवार को रिलायंस के शेयरों में फिर से जोरदार उछाल देखने को मिला। बीएसई के आंकड़ों के मुताबिक शेयर 1.58% बढ़कर 1,560 रुपए पर पहुंच गया, जो इसका नया 52 हफ्तों का उच्चतम स्तर है। दोपहर तक शेयर 1,551 रुपए पर ट्रेड कर रहा था। अक्टूबर के आखिरी कारोबारी दिन शेयर 1,486.50 रुपए पर था और अब बढ़कर 1,560 रुपए तक पहुंच चुका है। यानी नवंबर में लगभग 5% की मजबूती दर्ज हुई है।
कंपनी की वैल्यूएशन में भी भारी उछाल आया है। पिछले महीने के आखिरी कारोबारी दिन रिलायंस का मार्केट कैप 20,11,602 करोड़ रुपए था, जो मंगलवार को 52 हफ्तों के हाई के बाद बढ़कर 21,11,065 करोड़ रुपए हो गया। इसका मतलब है कि सिर्फ नवंबर में कंपनी के मार्केट कैप में 99,464 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई है।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि आने वाले दिनों में रिलायंस के शेयर 1,700 रुपए के लेवल को भी पार कर सकते हैं। जेपी मॉर्गन ने कंपनी का टारगेट प्राइस 1,727 रुपए तय किया है, जिसका मतलब है कि मौजूदा स्तर से 11% तक और तेजी देखने की संभावना है। अगर ऐसा होता है, तो रिलायंस एक बार फिर बाजार में नई ऊंचाइयों को छू सकती है और निवेशकों को शानदार रिटर्न मिल सकता है।













