08 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर
National Desk: यमुना में अवैध रेत खनन पर रोक की मांग, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सीएम योगी को लिखा पत्र दिल्ली और उत्तर प्रदेश की सीमा पर यमुना नदी में हो रहे अवैध रेत खनन को लेकर चिंता जताते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। उन्होंने यमुना के बाढ़ क्षेत्र में जारी इस अवैध गतिविधि पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
रेखा गुप्ता ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि रेत खनन के कारण यमुना नदी के किनारों पर बने तटबंध कमजोर हो रहे हैं, जिससे बाढ़ का खतरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह न सिर्फ पर्यावरण के लिए खतरा है, बल्कि तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की जान-माल को भी गंभीर जोखिम में डाल रहा है।
मुख्यमंत्री गुप्ता ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) की चिंताओं का भी हवाला देते हुए कहा कि NGT ने अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए अंतरराज्यीय समन्वय और सख्त नियामक कदमों की आवश्यकता जताई है। उन्होंने अवैध रेत खनन को एक अंतरराज्यीय समस्या बताया और सुझाव दिया कि दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बीच एक संयुक्त प्रवर्तन तंत्र बनाया जाए, ताकि प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि मुख्यमंत्री ने सीएम योगी से आग्रह किया है कि वे संबंधित अधिकारियों को दिल्ली-यूपी सीमा का संयुक्त सीमांकन करने का निर्देश दें, ताकि पारिस्थितिक संतुलन की सुरक्षा हो सके। दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उत्तर प्रदेश के समकक्षों के साथ लगातार संपर्क में हैं और अवैध खनन से जुड़ी अहम जानकारी साझा की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, अवैध रेत खनन से यमुना नदी का प्राकृतिक प्रवाह मार्ग प्रभावित हो रहा है, जिससे नदी तल में बड़े स्तर पर बदलाव देखने को मिल रहे हैं। यह स्थिति पारिस्थितिकी तंत्र को गंभीर और अपूरणीय क्षति पहुंचा रही है। साथ ही, सीमावर्ती इलाकों में प्रशासनिक भ्रम की स्थिति बनी हुई है, क्योंकि अधिकार क्षेत्र को लेकर स्पष्टता का अभाव है।
मुख्यमंत्री गुप्ता ने उम्मीद जताई कि उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से इस गंभीर समस्या का स्थायी और ठोस समाधान निकाला जा सकेगा।