24 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: Delhi में आज विधानसभा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक का बजट पेश करेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट राजधानी के लोगों के जीवन में ठोस बदलाव लाने वाला होगा और इससे विकास की रफ्तार और तेज होगी। उन्होंने इसे “विकसित दिल्ली, हरित दिल्ली” के संकल्प वाला बजट बताया, जिसमें बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, प्रदूषण नियंत्रण, स्वच्छता, शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बजट सत्र की शुरुआत सोमवार को पारंपरिक ‘खीर सेरेमनी’ के साथ हुई। इस दौरान समाज के विभिन्न वर्गों—किसान, शिक्षक, विद्यार्थी, डॉक्टर, महिला ड्राइवर और किन्नर समुदाय के प्रतिनिधि—कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परंपरा समृद्धि और विकास के संकल्प का प्रतीक है और सरकार का दूसरा बजट दिल्ली के विकास को नई गति देगा।
हालांकि बजट सत्र के पहले दिन विपक्षी दल Aam Aadmi Party ने सदन का बहिष्कार किया। पार्टी ने अपने चार विधायकों के निलंबन के विरोध में यह कदम उठाया। विधानसभा अध्यक्ष Vijender Gupta ने विपक्ष के इस कदम को लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ बताया और कहा कि बजट जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए सदन ही सही मंच है।
सत्र के दौरान कई कैग और पीएसी रिपोर्ट भी पेश की गईं, जिनमें पिछली सरकार के कामकाज और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मुद्दों का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा प्रधानमंत्री Narendra Modi के सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख रहने के रिकॉर्ड पर भी सदन में अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया।













