03 सितम्बर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Chandigarh Desk: चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। बीती रात से सुबह तक तेज हुई बारिश के चलते मौसम विभाग ने चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली में रेड अलर्ट जारी किया है। यह इस मानसून सीजन का पहला रेड अलर्ट है। विभाग ने बहुत भारी बारिश की चेतावनी देते हुए लोगों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है।
सड़कें बनी झील, पेड़ गिरे
भारी बारिश से शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गई हैं। जगह-जगह पानी भरने से पैदल चलने वालों और वाहनों की आवाजाही पर असर पड़ा है। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से ट्रैफिक और भी बाधित हुआ है, जिससे लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
सुखना लेक के फ्लड गेट खोले गए
लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण सुखना लेक के फ्लड गेट बार-बार खोले जा रहे हैं। इससे नालों में पानी का स्तर बढ़ गया है। सुखना चो के उफान पर आने से किशनगढ़ रोड और शास्त्री नगर लाइट पॉइंट की ओर जाने वाला मार्ग बंद करना पड़ा है।
ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
भारी जलभराव, सड़क टूटने और पेड़ गिरने की वजह से कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। पुलिस ने लोगों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है और आश्वासन दिया है कि स्थिति सामान्य होते ही अपडेट जारी कर दिया जाएगा।
मौसम विभाग की सेफ्टी गाइडलाइंस
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे नाले-नदियों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें। बिजली के ढांचों और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें। साथ ही जर्जर इमारतों के आसपास न खड़े हों, क्योंकि खतरे की आशंका बनी रहती है।













