May 02, 2026 Fact Recorder
Business Desk: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने ₹2000 के नोटों को लेकर ताजा अपडेट जारी किया है। केंद्रीय बैंक के अनुसार, अब तक 98.47% नोट सिस्टम में वापस आ चुके हैं और बाजार में केवल करीब ₹5,400 करोड़ मूल्य के नोट ही बचे हैं।
जब 19 मई 2023 को ₹2000 के नोटों को चलन से वापस लेने की घोषणा की गई थी, तब कुल ₹3.56 लाख करोड़ के नोट प्रचलन में थे। RBI के आंकड़ों के मुताबिक, 30 अप्रैल 2026 तक यह राशि घटकर लगभग ₹5,451 करोड़ रह गई है।
RBI ने स्पष्ट किया है कि ₹2000 के नोट अभी भी वैध मुद्रा (लीगल टेंडर) बने हुए हैं, लेकिन आम लेन-देन में इनका इस्तेमाल लगभग खत्म हो चुका है। ऐसे नोटों को बैंक खातों में जमा कराना ही उचित विकल्प है।
केंद्रीय बैंक ने यह भी बताया कि देशभर में उसके 19 क्षेत्रीय (इश्यू) कार्यालयों में ₹2000 के नोट बदलने और जमा करने की सुविधा अभी भी उपलब्ध है। इसके अलावा, लोग इंडिया पोस्ट के जरिए भी अपने नोट RBI कार्यालयों में भेजकर बैंक खाते में राशि जमा करवा सकते हैं।
लगभग तीन साल बाद भी कुछ नोट सिस्टम में वापस नहीं आए हैं, लेकिन कुल मिलाकर ज्यादातर नोट सफलतापूर्वक बैंकिंग सिस्टम में लौट चुके हैं।













