26 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollywood Desk: रणवीर सिंह स्टारर धुरंधर 5 दिसंबर को रिलीज होने जा रही है, लेकिन फिल्म के सामने अब बड़ा संकट खड़ा होता दिखाई दे रहा है। प्रमोशन और ट्रेलर को लेकर पहले ही फिल्म बैकफुट पर है, ऊपर से धनुष–कृति सेनन की तेरे इश्क में ने मुकाबला और कठिन कर दिया है।
जहाँ धुरंधर का ट्रेलर उम्मीद से कम असर दिखा पाया, वहीं तेरे इश्क में की रिलीज (28 नवंबर) से पहले ही एडवांस बुकिंग शानदार चल रही है। अब नई रिपोर्ट्स के अनुसार, इस टकराव का कारण बने हैं रवीना टंडन के पति और मशहूर डिस्ट्रीब्यूटर अनिल थडानी, जो अपनी फिल्म को ज्यादा शो दिलाने के लिए एड़ी–चोटी का जोर लगा रहे हैं।
अनिल थडानी की शर्तें बनीं संकट
तेरे इश्क में को अनिल थडानी की AA Films डिस्ट्रीब्यूट कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने सिंगल-स्क्रीन थिएटर मालिकों से एक खास एग्रीमेंट करवाने को कहा है।
पहली शर्त—
इस हफ्ते सभी शो सिर्फ ‘तेरे इश्क में’ को दिए जाएँ।
दूसरी शर्त—
अगले हफ्ते भी थिएटर को कम से कम 2 शो तेरे इश्क में को देने होंगे।
यदि ये डील मान ली गई, तो 5 दिसंबर से रिलीज हो रही धुरंधर को सिंगल स्क्रीन्स पर सिर्फ 2 शो ही मिल पाएँगे—जो फिल्म के बिज़नेस पर बड़ा असर डाल सकता है।
थिएटर मालिक इस दबाव में हैं क्योंकि नवंबर में पहले से ही अधिकतर फिल्में खास कमाई नहीं कर सकीं। एडवांस बुकिंग के ट्रेंड को देखते हुए वे तेरे इश्क में की शर्तें ठुकराकर जोखिम नहीं लेना चाहते, लेकिन साथ ही धुरंधर को भी सही शोकेसिंग देना चाह रहे हैं।
दोनों फिल्मों के लिए बढ़ी टेंशन
अब देखने वाली बात यह है कि स्क्रीन शेयरिंग पर ये संघर्ष कैसे सुलझता है।
एक तरफ रणवीर सिंह की धुरंधर को रिलीज में महज 9 दिन बचे हैं, दूसरी तरफ तेरे इश्क में की भारी चर्चा और बंपर एडवांस दोनों ही फिल्मों को और चर्चा में ला रही है।
थिएटर मालिक उम्मीद जता रहे हैं कि समझौता जल्द हो जाएगा, लेकिन स्पष्ट है कि अनिल थडानी की कड़ी रणनीति ने रणवीर सिंह और टीम धुरंधर की मुश्किलें जरूर बढ़ाई हैं।













