8 मार्च को मनाई जाएगी रंग पंचमी, जानें शुभ उपाय और महत्व

06 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Rashifal Desk:  होली के पर्व का समापन रंग पंचमी के साथ होता है। हिंदू पंचांग के अनुसार यह पर्व चैत्र माह के कृष्ण पक्ष की पंचमी तिथि को मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन देवता स्वर्ग से पृथ्वी पर आकर होली खेलते हैं, इसलिए इसे देवताओं की होली भी कहा जाता है। यह पर्व विशेष रूप से भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी को समर्पित माना जाता है।

द्रिक पंचांग के मुताबिक इस वर्ष रंग पंचमी की पंचमी तिथि 7 मार्च को शाम 7 बजकर 17 मिनट से शुरू होकर 8 मार्च को रात 9 बजकर 10 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार रंग पंचमी का पर्व 8 मार्च 2026 को मनाया जाएगा। इस दिन पूजा-पाठ और विशेष उपाय करने का खास महत्व बताया गया है। मान्यता है कि इन उपायों को करने से वैवाहिक जीवन में सुख-शांति बनी रहती है और रिश्तों में प्रेम बढ़ता है।

रंग पंचमी के दिन करें ये उपाय

  • इस दिन भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की प्रतिमा पर गुलाबी गुलाल अर्पित करें और “ॐ क्लीं कृष्णाय नमः” मंत्र का जाप करें। इससे दांपत्य जीवन में प्रेम बढ़ने की मान्यता है।

  • भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी को पीला गुलाल चढ़ाने से घर में सुख-समृद्धि और शांति आती है।

  • तांबे के लोटे में जल और थोड़ा सा शहद मिलाकर भगवान शिव के शिवलिंग का अभिषेक करें। मान्यता है कि इससे दांपत्य संबंध मजबूत होते हैं।

  • अशोक के सात पत्तों पर रोली से अपना और अपने जीवनसाथी का नाम लिखकर मंदिर में अर्पित करने से रिश्तों में मधुरता आती है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार श्रद्धा और भक्ति से किए गए ये उपाय वैवाहिक जीवन में खुशहाली और आपसी प्रेम बढ़ाने में सहायक माने जाते हैं।