10 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollywood Desk: मशहूर बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों गंभीर आर्थिक संकट और कानूनी मुश्किलों से जूझ रहे हैं। चेक बाउंस के एक पुराने मामले में दिल्ली हाईकोर्ट से राहत न मिलने के बाद राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया। जेल जाते समय उनकी भावुक हालत ने हर किसी को झकझोर दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरेंडर के दौरान राजपाल यादव काफी टूटे हुए नजर आए। उन्होंने तिहाड़ जेल अधिकारियों के सामने अपनी मजबूरी बयां करते हुए कहा,
“सर, मैं क्या करूं? मेरे पास इतने पैसे नहीं हैं और मेरे सामने कोई रास्ता भी नहीं बचा है।”
आर्थिक तंगी ने तोड़ा हौसला
राजपाल यादव ने इस दौरान अपनी खराब आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए फिल्म इंडस्ट्री पर भी इशारों में सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में कोई भी दोस्त साथ खड़ा नहीं होता और इस लड़ाई को उन्हें अकेले ही लड़ना होगा। उनके इस बयान ने इंडस्ट्री के रिश्तों को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।
सोनू सूद ने बढ़ाया मदद का हाथ
राजपाल यादव की हालत सामने आने के बाद बॉलीवुड के दरियादिल अभिनेता सोनू सूद मदद के लिए आगे आए हैं। सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर न सिर्फ राजपाल की तारीफ की, बल्कि इंडस्ट्री से उनके साथ खड़े होने की अपील भी की।
सोनू सूद ने लिखा,
“राजपाल यादव एक बेहद प्रतिभाशाली अभिनेता हैं, जिन्होंने सालों तक इंडस्ट्री को यादगार किरदार दिए हैं। कभी-कभी जिंदगी मुश्किल हो जाती है, टैलेंट की वजह से नहीं, बल्कि खराब टाइमिंग की वजह से।”
उन्होंने आगे कहा,
“राजपाल मेरी फिल्म का हिस्सा होंगे। यह चैरिटी नहीं, बल्कि सम्मान है। एक छोटा सा साइनिंग अमाउंट भविष्य के काम से एडजस्ट किया जा सकता है। जब हमारा कोई अपना मुश्किल में हो, तो इंडस्ट्री को उसे यह एहसास दिलाना चाहिए कि वह अकेला नहीं है।”
हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत
गौरतलब है कि दिल्ली हाईकोर्ट ने चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव को कोई राहत नहीं दी थी और उनकी मोहलत बढ़ाने की याचिका खारिज कर दी थी। अदालत ने उन्हें तिहाड़ जेल में सरेंडर करने का आदेश दिया था।
बताया जा रहा है कि राजपाल यादव ने एक निजी कंपनी से करीब पांच करोड़ रुपये उधार लिए थे। रकम लौटाने के लिए दिए गए कई चेक बाउंस हो गए, जिसके बाद मामला अदालत तक पहुंचा। वर्ष 2024 में उन्हें इस मामले में दोषी ठहराया गया था और सजा सुनाई गई थी।
इंडस्ट्री में सहारे की जरूरत
राजपाल यादव का मामला एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि मुश्किल वक्त में फिल्म इंडस्ट्री अपने कलाकारों के साथ कितनी मजबूती से खड़ी होती है। सोनू सूद का आगे आना जरूर एक सकारात्मक संदेश देता है, लेकिन अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या और लोग भी राजपाल यादव के समर्थन में सामने आते हैं।














