29 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर
Haryana Desk: राजेश नरवाल ने सेना की बहादुरी को किया सलाम, बोले – ऑपरेशन महादेव सुरक्षाबलों के शौर्य की मिसाल जम्मू-कश्मीर में हुए ऑपरेशन महादेव की सफलता के बाद करनाल निवासी और शहीद लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के पिता राजेश नरवाल ने भारतीय सेना की बहादुरी को सलाम किया है। उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाशिम मूसा और उसके दो साथियों का सफाया कर सेना ने एक गौरवशाली कार्य किया है। इस अभियान में जिस तरह जवानों ने दुर्गम और घने जंगलों में छिपे आतंकियों को ढूंढकर मारा, वह असाधारण साहस का उदाहरण है।राजेश नरवाल ने कहा कि हाशिम मूसा कोई साधारण आतंकी नहीं था, वह पाकिस्तान की स्पेशल सर्विस ग्रुप (SSG) का पूर्व पैरा कमांडो रह चुका था। उसका मारा जाना भारतीय जवानों के लिए शौर्य और गर्व की बात है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि इस ऑपरेशन को अंजाम देने वाले सुरक्षाबलों को सम्मानित किया जाए, क्योंकि उन्होंने देश की रक्षा के लिए अदम्य साहस का परिचय दिया है। क्या है ऑपरेशन महादेव?
यह ऑपरेशन श्रीनगर के दाचीगाम क्षेत्र के ऊपरी हिस्सों में चलाया गया था। यहां तीन आतंकियों – जिनमें पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड भी शामिल था – को मुठभेड़ में ढेर किया गया। मारे गए आतंकी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े बताए जा रहे हैं। ऑपरेशन के नामकरण के पीछे का कारण यह है कि जिस इलाके में यह अभियान चला, वह जबरवान रेंज की महादेव चोटी का हिस्सा है, जिसे धार्मिक और सामरिक दृष्टि से बेहद अहम माना जाता है। यही वजह है कि इस अभियान को ‘ऑपरेशन महादेव’ नाम दिया गया। राजेश नरवाल के अनुसार, इस तरह के अभियान यह साबित करते हैं कि हमारी सेना हर हालात में देश की सुरक्षा के लिए तत्पर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि देश उनके बेटे और अन्य शहीद जवानों के बलिदान को कभी नहीं भूलेगा।