राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में फिर ‘हिट विकेट’: 9वीं बार बढ़ा एडहॉक कमेटी का कार्यकाल, नए चेहरों की एंट्री

30 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) में चुनावी विवाद और सियासी खींचतान थमने का नाम नहीं ले रही है। पिछले दो वर्षों से नई कार्यकारिणी के चुनाव लगातार टलते जा रहे हैं। इसी बीच राजस्थान सरकार ने एक बार फिर पुरानी एडहॉक कमेटी को भंग कर नई 5 सदस्यीय एडहॉक समिति का गठन किया है।

28 मार्च 2026 को रजिस्ट्रार डॉ. समित शर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, एडहॉक कमेटी का कार्यकाल अब तक 9वीं बार बढ़ाया जा चुका है। नई समिति को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जल्द से जल्द चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई जाए।

दरअसल, 28 मार्च 2024 को पहली बार 3 महीने के लिए एडहॉक कमेटी बनाई गई थी, जिसका उद्देश्य चुनाव कराना था। लेकिन विभिन्न कारणों से चुनाव नहीं हो सके और तब से लगातार इसका कार्यकाल बढ़ाया जाता रहा है।

नई कमेटी में तीन पुराने सदस्य बरकरार रखे गए हैं। इनमें धनंजय सिंह खींवसर (स्वास्थ्य मंत्री के बेटे) और आशीष तिवाड़ी (सांसद के बेटे) को फिर से जगह दी गई है।

इसके अलावा दो नए चेहरों को भी शामिल किया गया है। इनमें अरिष्ट सिंघवी और अर्जुन बेनीवाल को सदस्य बनाया गया है।

लगातार बढ़ते कार्यकाल और बार-बार नई कमेटी बनने से RCA में पारदर्शिता और चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि नई समिति तय समय में चुनाव करवा पाती है या नहीं।