21 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर
Chandigarh Desk: चंडीगढ़ में मानसून सुस्त, बारिश से मिली राहत पर भी छाया संकट – अब तक सिर्फ 14% बरसात दर्ज चंडीगढ़ में इस बार मानसून की रफ्तार काफी धीमी रही है। जहां जून में अपेक्षाकृत अधिक बारिश हुई थी, वहीं मानसून के बाद अब तक शहर में केवल 14 फीसदी सामान्य बारिश ही दर्ज की गई है। एक जून से लेकर अब तक कुल 370 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
सोमवार सुबह हुई बारिश ने शहरवासियों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत तो दी, लेकिन स्कूल जाने वाले बच्चों और ऑफिस जाने वालों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रविवार को पूरे दिन उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया था। हालांकि शाम 5 बजे के बाद धनास, सेक्टर-20 और कुछ अन्य इलाकों में हल्की बारिश हुई, लेकिन शहर के अधिकांश हिस्से सूखे ही रहे।
रविवार को शहर में केवल 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री कम था। उमस की वजह से सुखना लेक पहुंचे पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने भी गर्मी से परेशान होकर अच्छी बारिश की उम्मीद जताई।
मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने आज और कल के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बारिश के समय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में शहर का अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
इस धीमी शुरुआत के चलते मौसम विभाग की नजर अब आने वाले दिनों की बारिश पर टिकी है, ताकि मानसून की भरपाई हो सके और लोगों को गर्मी से कुछ ज्यादा राहत मिल सके।













