22 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Punjab Desk: कड़ाके की ठंड के बाद तापमान में आई हल्की बढ़ोतरी अब थमने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार से देश के कई राज्यों में मौसम अचानक करवट ले सकता है। इस दौरान कई इलाकों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ मौसम बिगड़ने की संभावना जताई गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते 22 जनवरी की देर शाम या रात से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की शुरुआत हो सकती है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 23 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश के आसार हैं। 24 जनवरी से बारिश की तीव्रता में कमी आएगी और 25 जनवरी से मौसम शुष्क होने की संभावना है।
राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 22 व 23 जनवरी को बारिश की संभावना जताई है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में 23 जनवरी को बारिश हो सकती है। इस दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
उत्तर-पश्चिम भारत में दिन के तापमान में बढ़ोतरी जारी रहने की संभावना है, लेकिन अगले दो दिनों में बारिश और खराब मौसम के चलते तापमान में गिरावट आ सकती है। इसके बाद फिर से तापमान बढ़ने की उम्मीद है। महाराष्ट्र में भी तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 23 जनवरी तक कोहरा और धुंध छाए रहने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी घना कोहरा देखा जा सकता है।
मौसम विभाग ने 23 जनवरी को उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है, जिसके मद्देनजर प्रशासन ने सभी संबंधित एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। राजस्थान के छह जिलों में भी गुरुवार को बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि एक के बाद एक नए सिस्टम सक्रिय हो रहे हैं और अगले सप्ताह 26 से 28 जनवरी के बीच मौसम में फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।













