08 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollywood Desk: पंजाबी संगीत जगत के मशहूर गायक और अभिनेता राजवीर जवांदा की आखिरी फिल्म ‘यमला’ की रिलीज डेट आखिरकार सामने आ गई है। अभिनेता के निधन के करीब एक महीने बाद अब उनकी इस आखिरी फिल्म को लेकर बड़ा अपडेट आया है।
‘यमला’ सिनेमाघरों में 28 नवंबर 2025 को रिलीज होगी। इस फिल्म को गोल्ड ब्रिज फिल्म्स एंड एंटरटेनमेंट ने प्रस्तुत किया है, जबकि निर्देशन किया है राकेश मेहता ने। फिल्म का निर्माण बैली सिंह काकर ने किया है और इसके विश्वव्यापी वितरण की जिम्मेदारी पैनॉरमा स्टूडियोज और आनंद पंडित मोशन पिक्चर्स ने संभाली है।
यह फिल्म राजवीर जवांदा के करियर और उनके अद्भुत अभिनय सफर को हमेशा के लिए अमर कर देगी। इसमें उनके साथ अभिनेत्री नवनीत कौर ढिल्लों नज़र आएंगी, जो पहली और आखिरी बार राजवीर के साथ स्क्रीन शेयर कर रही हैं। इसके अलावा फिल्म में गुरप्रीत घुग्गी और धीरेज कुमार भी अहम भूमिकाओं में दिखेंगे। सह-कलाकारों का कहना है कि इस फिल्म में राजवीर की मौजूदगी हर सीन को भावनात्मक रूप से जीवंत बनाती है।
राजवीर जवांदा का निधन
27 सितंबर 2025 को हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बड्डी क्षेत्र में राजवीर जवांदा एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए थे। बताया जाता है कि उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर आए आवारा पशुओं से टकरा गई थी। उन्हें गंभीर सिर और रीढ़ की चोटें आईं। इलाज के दौरान करीब 11 दिन वेंटिलेटर पर रहने के बाद 8 अक्टूबर 2025 को मोहाली में उन्होंने अंतिम सांस ली।
अब उनकी फिल्म ‘यमला’ उन्हें उनके प्रशंसकों की यादों में हमेशा के लिए जिंदा रखेगी।












