26 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollywood Desk: मशहूर पंजाबी सिंगर-एक्टर परमीश वर्मा को जान से मारने की धमकी मिलने से पंजाब एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह धमकी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से दी गई है। गैंग ने फोन कॉल के जरिए परमीश वर्मा से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है और पैसे न देने पर उन्हें व उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
धमकी सामने आने के बाद परमीश वर्मा और उनका परिवार दहशत में है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और सिंगर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। फिलहाल पुलिस धमकी भरे कॉल की जांच कर रही है।
2018 में हो चुका है जानलेवा हमला
यह पहली बार नहीं है जब परमीश वर्मा को गैंगस्टरों ने निशाना बनाया हो। 13 अप्रैल 2018 की रात मोहाली में उन पर जानलेवा हमला किया गया था। उस समय गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह बाबा गैंग ने रंगदारी न देने पर सेक्टर-91 के पास उनकी कार पर फायरिंग की थी। इस हमले में परमीश वर्मा के पैर में गोली लगी थी, लेकिन घायल होने के बावजूद उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए खुद कार चलाकर पुलिस को सूचना दी और बाद में उन्हें फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
हाल के सालों में भी खतरे
इसके अलावा सितंबर 2025 में अंबाला में फिल्म ‘शेरा’ की शूटिंग के दौरान नकली गोली लगने से उनके चेहरे पर चोट आई थी, जिससे एक बार फिर उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे।
युवाओं में जबरदस्त लोकप्रियता
परमीश वर्मा पंजाबी युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। ‘ले चक मैं आ गया’, ‘गाल नी कडनी’, ‘आम जेहे मुंडे’ और ‘सब फड़े जानगे’ जैसे सुपरहिट गानों से उन्होंने अलग पहचान बनाई है। संघर्ष से शिखर तक पहुंचे परमीश वर्मा का स्टाइल और म्यूजिक आज भी लाखों फैंस को प्रेरित करता है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और परमीश वर्मा की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।













