पंजाब सरकार ने एस.सी. वर्ग के किसानों को कृषि मशीनरी पर सब्सिडी देने के लिए पोर्टल फिर से खोला

पंजाब सरकार ने एस.सी. वर्ग के किसानों को कृषि मशीनरी पर सब्सिडी देने के लिए पोर्टल फिर से खोला

किसान 3 नवंबर तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन – डॉ. धर्मिंदर जीत सिंह

मालेरकोटला,01 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

punjab Desk: पंजाब सरकार के कृषि और किसान कल्याण विभाग ने पराली प्रबंधन के लिए एस.सी. वर्ग के किसानों को पर्यावरण अनुकूल कृषि मशीनरी पर सब्सिडी प्रदान करने हेतु ऑनलाइन पोर्टल को दोबारा खोल दिया है, ताकि इस वर्ग के अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें। तरनतारन जिले को छोड़कर राज्य के सभी जिलों के एस.सी. वर्ग के किसान 3 नवंबर 2025 तक agrimachinerypb.com पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. धर्मिंदर जीत सिंह ने बताया कि जिले के अधिक से अधिक किसान इस अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि इन मशीनों में सुपर एस.एम.एस., हैप्पी/स्मार्ट सीडर, सुपर सीडर, सरफेस सीडर, जीरो टिल ड्रिल, बेलर/रेक, श्रब/रोटरी स्लैशर, पैडी स्ट्रॉ चॉपर/श्रेडर, मल्चर, क्रॉप रीपर, रिवर्सेबल प्लाऊ आदि शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, अन्य मशीनों की सूची पोर्टल पर देखी जा सकती है। कस्टम हायरिंग सेंटर और पैडी सप्लाई चेन सेंटर स्थापित करने के लिए भी आवेदन इसी पोर्टल के माध्यम से किए जा सकते हैं।

डॉ. सिंह ने किसानों से अपील की कि वे पराली को आग न लगाएं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार पराली के समुचित प्रबंधन के लिए भारी सब्सिडी पर आधुनिक मशीनरी उपलब्ध करा रही है, ताकि राज्य को पूरी तरह स्टबल बर्निंग मुक्त बनाया जा सके। किसानों से आग्रह किया गया है कि वे इस दिशा में अपना सक्रिय योगदान दें।