यूएई में एमी विर्क के परिवार की सुरक्षा पर पंजाब सरकार सतर्क, बलतेज पन्नू ने की बातचीत

04 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Punjab Desk:  आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के महासचिव बलतेज पन्नू ने पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता और गायक एमी विर्क से फोन पर संपर्क कर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में रह रहे उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की। पन्नू ने विर्क को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस कठिन समय में पंजाब सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान स्वयं इस पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री जल्द ही केंद्र सरकार से संपर्क कर एमी विर्क के परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव राजनयिक पहल करेंगे। पन्नू ने कहा कि विदेश में रह रहे पंजाब के नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

खाड़ी देशों में जारी तनावपूर्ण हालात पर चिंता जताते हुए पन्नू ने कहा कि वे ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि क्षेत्र में शांति बहाल हो और युद्ध की स्थिति शीघ्र समाप्त हो। उन्होंने दोहराया कि पंजाब सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और केंद्र सरकार के साथ समन्वय बनाकर त्वरित समाधान सुनिश्चित करेगी।