पंजाब उपचुनाव LIVE: तरनतारन सीट AAP के खाते में जाती दिखी, अकाली दल पिछड़ा; कांग्रेस-बिजेपी भी पीछे

पंजाब उपचुनाव LIVE: तरनतारन सीट AAP के खाते में जाती दिखी, अकाली दल पिछड़ा; कांग्रेस-बिजेपी भी पीछे

14 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Punjab Desk: पंजाब तरनतारन उपचुनाव: AAP ने बनाई मजबूत बढ़त, अकाली दल पिछड़ा; कांग्रेस-बीजेपी दौड़ से बाहर
बिहार विधानसभा चुनाव परिणामों के साथ ही पंजाब की तरनतारन सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना भी जारी है। शुरुआती रुझानों में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) ने बढ़त बना ली है और अकाली दल के साथ कांटे की टक्कर देखने को मिली।
AAP उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू 11 हजार से ज्यादा वोटों की लीड के साथ आगे चल रहे हैं। उन्हें अब तक लगभग 37,582 वोट मिले हैं, जबकि अकाली दल की सुखविंदर कौर करीब 26 हजार वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
सुबह 8 बजे मतगणना शुरू होते ही अकाली दल को अच्छी बढ़त मिलती दिखी थी और तीसरे राउंड तक उन्होंने बढ़त बनाए रखी। लेकिन चौथे राउंड से AAP के हरमीत सिंह संधू ने बढ़त हासिल कर ली और उसके बाद वे लगातार आगे बने हुए हैं। माना जा रहा है कि यह सीट AAP की झोली में जा सकती है, हालांकि आधिकारिक नतीजों का इंतजार है।
कांग्रेस-बीजेपी की हालत बेहद खराब
कांग्रेस की स्थिति इतनी खराब है कि वह एक निर्दलीय उम्मीदवार से भी पीछे चल रही है।
तीसरे स्थान पर निर्दलीय मंदीप सिंह खालसा हैं, जिन्हें 17,052 वोट मिले हैं।
कांग्रेस उम्मीदवार करणबीर सिंह चौथे स्थान पर हैं, उन्हें अब तक 12,809 वोट मिले हैं।
बीजेपी पांचवे स्थान पर फिसल गई है। बीजेपी प्रत्याशी हरजीत सिंह संधू को अब तक सिर्फ 5,316 वोट ही मिले हैं।
कुल 16 राउंड की गिनती में से 14 राउंड पूरे हो चुके हैं।

सीट क्यों हुई खाली?
तरनतारन विधानसभा सीट AAP विधायक कश्मीर सिंह सोहल के जून 2025 में निधन के कारण खाली हुई थी।
यही सीट 2022 के चुनाव में भी AAP के पास आई थी। सीट खाली होने के बाद चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव के साथ ही उपचुनाव की तारीख तय की थी।
तरनतारन उपचुनाव के लिए मतदान 11 नवंबर को हुआ था। देशभर में कुल 7 राज्यों की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराए गए थे।